ऑरेंज कैप आईपीएल में उस खिलाड़ी को दी जाती है, जिसने सबसे ज्यादा रन बनाए होते हैं। इस बार भी ये कैप इधर से उधर हो रही है, लेकिन अब ये रेस काफी दिलचस्प होती जा रही है। अब तक चार बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने 400 से अधिक रन बना लिए हैं। मजे की बात ये है कि इसमें से केवल एक ही विदेशी खिलाड़ी है। चलिए जरा जानते हैं कि इस वक्त ऑरेंज कैप की रेस में कौन कौन से खिलाड़ी हैं।

अभिषेक शर्मा ने अब तक बनाए हैं आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन
आईपीएल 2026 में इस वक्त सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने अब तक 10 मैच खेलकर 440 रन बना लिए हैं। वे इस वक्त 206.57 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। उन्होंने 41 चौके और 32 छक्के अब तक लगा दिए हैं। हालांकि बहुत ज्यादा वक्त तक उनके पास ये कैप रह पाएगी, इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है। दरअसल दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल उनके काफी करीब हैं। केएल राहुल ने अब तक 9 मैच खेलकर 433 रन बना लिए हैं। उन्होंने 185.84 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके नाम 42 चौके और 24 छक्के दर्ज हैं। वे अभिषेक से केवल 7 रन पीछे हैं।
हेनरिक क्लासेन तीसरे नंबर पर, टॉप 5 में अकेले विदेशी खिलाड़ी
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरा नाम हेनरिक क्लासेन का है। वे 10 मैच खेलकर 425 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 156.83 का रहा है। उन्होंने 33 चौके और 19 छक्के लगा दिए हैं। वे टॉप 5 की लिस्ट में अकेले विदेशी बल्लेबाज हैं। वैभव सूर्यवंशी ने भी 400 रन अब तक बना लिए हैं। वैभव ने 10 मैच खेलकर 404 रन बनाने का काम किया है। उनका स्ट्राइक रेट 237.65 का है। उन्होंने 35 चौके और 37 छक्के लगाए हैं, जो सबसे ज्यादा हैं।
साई सुदर्शन भी टॉप 5 बल्लेबाजों में शुमार
इन टॉप 4 बल्लेबाजों के बाद साई सुदर्शन का नाम आता है। उन्होंने 10 मैच खेलकर 385 रन बना दिए हैं। वे अब तक 158.44 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। उन्होंने 38 चौके और 18 छक्के लगाने का काम किया है। इस बीच नए नए खिलाड़ी इसमें एंट्री करके इस जंग को नया मोड दे रहे हैं। उम्मीद है कि आज रात तक इसमें फिर से बदलाव आ जाएगा।



