
अयोध्या, अमृत विचार : बेसिक शिक्षा विभाग बदलते दौर में अब सोशल मीडिया पर भी अपनी पहुंच बढ़ाएगा। विभाग अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के चारों अकाउंट एक्स, फेसबुक, यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर 7.5 लाख फॉलोअर्स बनाएगा। इनके माध्यम से विभाग के प्रति नकारात्मक खबरों का जवाब दिया जाएगा। साथ ही सभी प्लेटफॉर्म का मासिक लक्ष्य भी तय किया गया है।
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा निर्देश दिया गया कि विभाग के फेसबुक व इंस्टाग्राम अकाउंट का जल्द सत्यापन पूरा किया जाए। साथ ही आधिकारिक यूट्यूब चैनल का प्रशासनिक एक्सेस सोशल मीडिया टीम को उपलब्ध कराया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया टीम विभाग से संबंधित नकारात्मक, भ्रामक खबरों व पोस्ट को चिन्हित कर उनका विश्लेषण करते हुए तत्काल काउंटर करेगी। अलगअलग प्लेटफॉर्म पर 7.5 लाख फॉलोअर्स बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें विभाग के अच्छे कार्यों व शैक्षिक वीडियो का प्रचारप्रसार किया जाएगा।
शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो का भी सोशल मीडिया पर प्रयोग होगा। वीडियो से रील, शॉर्ट वीडियो व अन्य सोशल मीडिया कंटेंट तैयार कर नियमित रूप से सभी प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किए जाएंगे। हर जिले के एक एसआरजी को नोडल नामित करते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इसके अलावा हर जिले में आठ शिक्षकों को सोशल मीडिया हैंडलर बनाया जाएगा उन्हें अलग से संसाधन उपलब्ध कराए जायेंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन को भी जोड़ कर रखा जाएगा।
शासन द्वारा निर्देशित किया गया है। अभी इसकी व्यवस्था राजधानी से ही होगी। नोडल अधिकारी का नाम और शिक्षकों की सूची शीघ्र भेज दी जाएगी।
लालचंद, बेसिक शिक्षा अधिकारी।
ः



