अगर आप अपनी कार कम चलाते हैं और इंश्योरेंस पर पैसा बचाना चाहत हैं तो PayAsYouDrive स्कीम अपना सकते हैं. लेकिन PAYD प्लान लेने से पहले अपनी सालाना ड्राइविंग का सही अनुमान लगाना जरूरी है. अगर आप रोजाना कार चलाते हैं तो सामान्य कार इंश्योरेंस बेहतर रहेगा, जबकि कम इस्तेमाल करने वालों के लिए PAYD एक किफायती विकल्प साबित हो सकता है.

अब कार इंश्योरेंस पर ऐसे बचा सकते हैं हजारों रुपये, जानें क्या होता है PAYD प्लान?
अगर आपकी कार रोजाना इस्तेमाल नहीं होती, तो अब आपको हर साल सामान्य कार बीमा का पूरा प्रीमियम भरने की जरूरत नहीं पड़ सकती. भारत में अब PayAsYouDrive कार इंश्योरेंस का ऑप्शन भी मौजूद है. इस प्लान में आपकी कार जितनी कम चलेगी, उतना ही कम बीमा प्रीमियम देना पड़ सकता है.
यह नया इंश्योरेंस प्लान उन लोगों के लिए खास तौर पर फायदेमंद माना जा रहा है जो सप्ताह में कुछ ही दिन कार चलाते हैं, वर्क फ्रॉम होम करते हैं, सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं या जिनके घर में एक से ज्यादा कारें हैं.
क्या है प्लान?
PayAsYouDrive एक ऐसा कार इंश्योरेंस प्लान है, जिसमें बीमा का प्रीमियम इस बात पर निर्भर करता है कि आपने सालभर में अपनी कार कितने किलोमीटर चलाई है. जब आप यह पॉलिसी खरीदते हैं या रिन्यू कराते हैं, तो आपको पहले से एक वार्षिक किलोमीटर सीमा चुननी होती है. उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति 5,000 किलोमीटर, 7,500 किलोमीटर या 10,000 किलोमीटर का स्लैब चुन सकता है. अलगअलग बीमा कंपनियों में ये स्लैब अलग हो सकते हैं. अगर आप चुनी गई सीमा के भीतर कार चलाते हैं, तो आपको सामान्य कार बीमा की तुलना में कम प्रीमियम देना पड़ता है.
कार कितनी चली, इसका पता कैसे चलता है?
बीमा कंपनियां कार के इस्तेमाल का रिकॉर्ड अलगअलग तरीकों से रखती हैं. कुछ कंपनियां ओडोमीटर की रीडिंग के आधार पर किलोमीटर की जानकारी लेती हैं. वहीं कुछ कंपनियां टेलीमैटिक्स डिवाइस या मोबाइल ऐप के जरिए कार की दूरी रिकॉर्ड करती हैं.
क्या थर्ड पार्टी इंश्योरेंस भी सस्ता होगा?
नहीं. यह समझना जरूरी है कि थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का प्रीमियम सरकार और नियामक संस्था द्वारा तय किया जाता है. इसलिए इसमें कोई छूट नहीं मिलती. PAYD योजना में बचत केवल Own Damage Insurance वाले हिस्से में होती है, यानी आपकी अपनी कार के नुकसान के बीमा पर.
किन लोगों के लिए फायदेमंद है यह प्लान?
यह योजना खासकर उन लोगों के लिए अच्छी मानी जाती है जो रोजाना कार नहीं चलाते. वर्क फ्रॉम होम करते हैं. रिटायर हो चुके हैं. घर में एक से ज्यादा कार रखते हैं. सिर्फ सप्ताहांत पर कार का इस्तेमाल करते हैं या सालभर में कम दूरी तय करते हैं. ऐसे लोगों के लिए PAYD प्लान से हर साल अच्छीखासी बचत हो सकती है.
किन लोगों को नहीं मिलेगा ज्यादा फायदा?
अगर आप रोजाना ऑफिस जाने के लिए कार इस्तेमाल करते हैं या हर महीने लंबी दूरी तय करते हैं, तो PAYD प्लान आपके लिए ज्यादा फायदेमंद नहीं होगा. अगर आपने तय किलोमीटर सीमा पार कर ली, तो बीमा कंपनी अतिरिक्त प्रीमियम ले सकती है या आपको अगले स्लैब में भेज सकती है. यह नियम हर कंपनी में अलगअलग हो सकता है.
पॉलिसी खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सिर्फ कम प्रीमियम देखकर PAYD प्लान न खरीदें. पहले यह जरूर जांच लें कि कंपनी कार की दूरी कैसे मापती है. तय सीमा पार होने पर क्या नियम लागू होंगे. क्या बीच में किलोमीटर स्लैब बढ़ाने की सुविधा मिलेगी? अतिरिक्त शुल्क कितना देना होगा? पॉलिसी खरीदने से पहले उसके सभी नियम और शर्तें ध्यान से पढ़ना जरूरी है. अगर आपकी कार सालभर में कम चलती है, तो PAYD इंश्योरेंस आपके लिए पैसों की बचत का अच्छा विकल्प हो सकता है. लेकिन अगर आप रोजाना ज्यादा दूरी तय करते हैं, तो सामान्य कार इंश्योरेंस ही बेहतर रहेगा.



