CrimeIndiaTrending

हैदराबाद में दुष्कर्म के बाद नर्स की हत्या, घर में मिली लाश; आरोपी गिरफ्तार

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक निजी अस्पताल की नर्स के कथित बलात्कार और हत्या के मामले में हैदराबाद पुलिस ने एक 34 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

21 वर्षीय उके शिरीषा पिछले करीब सात महीने से तुक्कुगुडा स्थित प्राइम केयर अस्पताल में नर्स के तौर पर काम कर रही थीं। वह अस्पताल की ओर से दी गई जगह पर अन्य नर्सिंग स्टाफ के साथ रहती थीं।

शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद शिरीषा अपने कमरे में चली गई थीं। अगले दिन जब उनके सहकर्मियों ने संपर्क करने की कोशिश की, तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद, एक सहकर्मी खिड़की के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ तो शिरीषा को मृत अवस्था में पाया। शिरीषा के चेहरे पर चोट के निशान थे, जिसके बाद पुलिस ने शुरुआत में हत्या का मामला दर्ज किया और इस जघन्य अपराध की जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान

सीसीटीवी फुटेज और अन्य अहम सबूतों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान एमडी सनाउल्लाह खान के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस बीच, महेश्वरम विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी प्रभारी अंदेला श्रीरामुलु ने शिरीषा के परिवार के लिए न्याय की मांग करते हुए उन्हें आदिवासी बेटी बताया। श्रीरामुलु ने कहा कि हम तब तक लड़ेंगे जब तक आदिवासी बेटी शिरीषा के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिरीषा का यौन उत्पीड़न करने के बाद उसकी हत्या की गई है और इस आरोप के संबंध में एमडी सनाउल्लाह खान का नाम लिया। उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए संदिग्ध के एनकाउंटर की मांग किया।

नर्सिंग एसोसिएशन ने उठाई सुरक्षा की मांग

इस घटना के बाद, तेलंगाना नर्सेज एसोसिएशन (TNA) ने नर्सिंग अधिकारियों की सुरक्षा और बचाव के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा है।

एसोसिएशन ने संबंधित अधिकारियों से नर्सिंग अधिकारियों के लिए एक सुरक्षित, संरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply