कांग्रेस में वापसी की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. ऐसे में एक बार फिर कैप्टन की नई राजनीतिक पारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि कैप्टन अमरिंदर जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं. अब सभी के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पंजाब में पक क्या रहा है. कैप्टन अमरिंदर आखिर क्या करना चाह रहे हैं?

खुद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष वड़िंग ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उनके बीच अच्छे संबंध हैं. दोनों पुराने मित्र हैं और लंबे समय तक साथ काम कर चुके हैं. संभव है दोनों के बीच बातचीत हुई हो, लेकिन उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है. लेकिन अचानक दिल्ली में कैप्टन की शाह से हुई मुलाकात ने लोगों को चौंका दिया है.
Had a meeting with Union Home Minister Shri Amit Shah Ji today in New Delhi and discussed various issues concerning Punjab.@AmitShah pic.twitter.com/ryzH7XJyLa
— Capt.Amarinder Singh June 6, 2026
बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब बीजेपी अध्यक्ष पद पर केवल सिंह ढिल्लों की ताजपोशी के बाद से ही नाराज चल रहे हैं. कैप्टन ने केवल सिंह ढिल्लों पर निशाना साधते हुए उन्हें इनकैपेबल भी करार दिया था. इसके साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राहुल गांधी के आचरण और कांग्रेस के कल्चर की तारीफ भी की थी. जिसके बाद कहा जाने लगा था कि कैप्टन अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस में वापस लौट सकते हैं. लेकिन इस बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह और अमित शाह की इस मुलाकात ने शायद इस पर विराम लगा दिया है.
कैप्टन ने बीजेपी की गतिविधियों से बना रखी है दूरी
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से लगातार कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में बीजेपी की गतिविधियों से दूरी बना रखी है. हालांकि पंजाब बीजेपी संगठन इसके पीछे कैप्टन अमरिंदर सिंह की तबीयत और कुछ दिनों पहले हुए उनके घुटने रिप्लेसमेंट सर्जरी का हवाला देता है. लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह की लगातार पंजाब बीजेपी संगठन से दूरी और पिछले कुछ दिनों में कांग्रेस नेतृत्व की तारीफ करते हुए दिए गए उनके बयानों को लेकर लगातार उनके कांग्रेस में वापसी की अटकलें जारी थी.



