चंडीगढ़ केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन 2026 के लिए पंजाब में यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। यह जानकारी भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों द्वारा केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री को लिखे गए पत्र के जवाब में दी गई है।

भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि उन्होंने 10 जून 2026 को पंजाब के किसानों के लिए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने संबंधी मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था। इसके जवाब में 23 जून 2026 को भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना प्रेयशी ने पत्र भेजकर बताया कि पंजाब को उसकी आवश्यकता से अधिक मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध करवा दी गई है।
केंद्र सरकार के अनुसार पंजाब को खरीफ सीजन के लिए 11.45 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 1.80 लाख मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की गई है। वर्तमान में राज्य में 4.27 लाख मीट्रिक टन यूरिया तथा 98 हजार मीट्रिक टन डीएपी का भंडार उपलब्ध है।
ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश का किसान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पत्र भेजे जाने के कुछ ही दिनों के भीतर केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी और खाद की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी साझा की। हालांकि उन्होंने पंजाब सरकार से सवाल किया कि क्या आम आदमी पार्टी सरकार इस खाद को जिला और ब्लॉक स्तर तक किसानों तक समय पर पहुंचाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार का दायित्व है, जबकि किसानों तक उसकी पारदर्शी और समयबद्ध वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उर्वरक आदेश1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम1955 के तहत जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक कीमत पर खाद बेचने जैसी गतिविधियों पर कार्रवाई करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। यदि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होती है तो इसकी सीधी जवाबदेही पंजाब सरकार की होगी।
भाजपा पंजाब ने मांग की है कि राज्य सरकार सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में खाद की पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



