महाराष्ट्र में एक महिला को अपने पति पर शक हुआ तो उसने उसका WhatsApp अकाउंट खंगालना शुरू कर दिया। चैट सामने आते ही उसे ऐसी बातें पता चलीं, जिनसे उसके होश उड़ गए। आरोप था कि उसका पति कई महिलाओं को अलग-अलग पहचान बताकर अपने जाल में फंसा रहा था।
महिला के मुताबिक, पति दूसरी महिलाओं के सामने खुद को अविवाहित बताता था और उनसे पैसे मांगता था। वह आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए महिलाओं पर दबाव बनाकर संबंध बनाने की मांग करता था। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि पति उस पर भी जबरन अप्राकृतिक और अश्लील तरीके से संबंध बनाने का दबाव डालता था। इस मामले में वह पहले ही पति के खिलाफ क्रूरता की शिकायत दर्ज करा चुकी थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी नामों का इस्तेमाल कर महिलाओं से संपर्क करता था। वह खुद को अलग पहचान देकर शादी का झांसा देता और अपनी शादीशुदा जिंदगी की सच्चाई छिपाता था। पुलिस के मुताबिक, वह शहर और आसपास के इलाकों में महिलाओं से होटलों में मिलता था।
इस मामले में 19 वर्षीय एक युवती ने भी शिकायत दर्ज कराई। उसका आरोप था कि आरोपी ने अपना असली नाम, शादीशुदा होने और बच्चे की बात छिपाई थी। उसने शादी का भरोसा दिलाकर युवती से पैसे और अंगूठी भी ले ली थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक समय में चार से पांच महिलाओं को धोखे में रख रहा था।
पत्नी ने ही युवती को पुलिस तक पहुंचाने में मदद की। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और आगे की पूछताछ के लिए हिरासत मांगी। युवती की काउंसलिंग भी कराई जा रही थी।
Satya Report



