Satya Report: भारतीय फार्मा सेक्टर की सबसे बड़ी डील होने के बाद सनफार्मा के फाउंडर दिलीप सांघवी की दौलत में जबरदस्त इजाफा देखने को मिल रहा है. ये इजाफा कंपनी के शेयरों में तेजी आने से हुआ है. जैसे ही डील की खबर सामने आई, उसके बाद सनफार्मा के शेयरों में तेजी आनी शुरू हो गई और आंकड़ा 7 फीसदी के पार चला गया. करीब 1 लाख करोड़ रुपए की डील से खरीदी गई अमेरिकी फॉर्मा फर्म ऑर्गेनन को देश की सबसे बड़ी फार्मा डील माना जा रहा है.

उससे पहले सन फार्मा ने रैनबक्सी को अपने नाम किया था. वो भी देश की बड़ी फार्मा डील में शुमार है. लेकिन ऑर्गेनन की डील से सनफार्मा को ग्लोबली काफी फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर सनफार्मा के शेयरों में कितना इजाफा देखने को मिल रहा है. साथ ही दिलीप सांघवी की दौलत में कितनी बढ़ोतरी देखने को मिली है और मौजूदा समय में कुल कितनी दौलत हो गई है?
सनफार्मा के शेयरों में आई बड़ी तेजी
डील के बाद सनफार्मा के शेयरों में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है. आंकड़ों को देखें तो सनफार्मा के शेयरों में दोपहर करीब 3 बजे 7 फीसदी की तेजी के साथ 1,733.15 रुपए पर कारोबार कर रहा है. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी के शेयरों में 9 फीसदी तक का इजाफा देखने को मिला और कंपनी का शेयर 1,766.65 रुपए तक पहुंच गया था. वैसे कंपनी का शेयर सुबह के समय 1632.50 रुपए के साथ फ्लैट ओपन हुआ था. लेकिन सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर कंपनी के शेयी दिन के पीक पर दिखाई दिए. जानकारों की मानें तो सनफार्मा के शेयरों में आने वाले दिनों में और तेजी देखने को मिल सकती है.
कंपनी की वैल्यूएशन में इजाफा
शेयरों में इजाफे के बाद कंपनी की वैल्यूएशन में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है. आंकड़ों को देखें तो पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन कंपनी की वैल्यूएशन 3,88,715.97 करोड़ रुपए थी. जोकि सोमवार को कारोबारी सत्र के दौरान 4,23,917.44 करोड़ रुपए पर पहुंच गई. इसका मतलब है कि कंपनी की वैल्यूएशन में 35,201.47 करोड़ रुपए का इजाफा देखने को मिला. दोपहर 3 बजे के बाद कंपनी की वैल्यूएशन 4,15,962.90 करोड़ रुपए पर देखने को मिल रहा था. वैसे कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी की वैल्यूएशन में और इजाफा देखने को मिल सकता था.
दिलीप सांघवी की दौलत में इजाफा
सनफार्मा के फाउंडर और एमडी दिलीप सांघवी की दौलत में भी काफी इजाफा देखने को मिला है. फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स के आंकड़ों के अनुसार दिलीप सांघवी की नेटवर्थ में 1.6 बिलियन डॉलर यानी 15 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है. इसका मतलब है कि दिलीप सांघवी की दौलत में 7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है. जिसके बाद दिलीप सांघवी की कुल दौलत 24.9 अरब डॉलर हो गई है. आने वाले दिनों में दिलीप सांघवी की दौलत में और इजाफा देखने को मिल सकता है.



