भारत में Uber के प्रमुख रहे प्रभजीत सिंह अब नया सफर शुरू करने जा रहे हैं. ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने घोषणा की है कि प्रभजीत सिंह सितंबर 2026 से भारत में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर काम करेंगे. वह OpenAI के एशियाप्रशांत के मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मणि को रिपोर्ट करेंगे. इस नियुक्ति के साथ प्रभजीत भारत में OpenAI के सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे.

AI को भारत में तेजी से बढ़ाने पर रहेगा फोकस
OpenAI ने अपने बयान में कहा कि प्रभजीत सिंह की जिम्मेदारी भारत में कंपनी के कारोबार का विस्तार करना, नए उपभोक्ताओं तक AI पहुंचाना, एंटरप्राइज सेक्टर में AI को अपनाने को बढ़ावा देना, सरकारी और निजी संस्थानों के साथ साझेदारी करना और नियामक संस्थाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाना होगा.
कंपनी का कहना है कि उनका फोकस भारत के AI इकोसिस्टम को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों, कारोबारों, संस्थानों तथा सरकारी एजेंसियों तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के फायदे पहुंचाने पर रहेगा.
Uber में 10 साल का रहा शानदार सफर
प्रभजीत सिंह ने आईआईटी कानपुर और आईआईएम अहमदाबाद से पढ़ाई की है. वह अगस्त 2015 में Uber से जनरल मैनेजर और हेड ऑफ स्ट्रैटेजी के रूप में जुड़े थे. इसके बाद उन्होंने भारत और दक्षिण एशिया का कारोबार संभाला और जून 2020 में कंपनी के प्रेसिडेंट बने. Uber से पहले वह मैकिन्से एंड कंपनी में एसोसिएट पार्टनर थे.
करीब एक दशक के अपने कार्यकाल में उन्होंने Uber के भारत में विस्तार में अहम भूमिका निभाई. उनके नेतृत्व में कंपनी ने टियर2 और छोटे शहरों में अपनी मौजूदगी मजबूत की. साथ ही Uber Moto, Uber Auto, इंटरसिटी ट्रैवल जैसी सेवाओं का तेजी से विस्तार किया.
Uber ने जताया भरोसा, नए प्रमुख का इंतजार
Uber ने प्रभजीत सिंह के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि भारत कंपनी के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है. कंपनी ने उनके नेतृत्व और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत टीम और कारोबार की नींव तैयार करने में उनकी बड़ी भूमिका रही है.
हालांकि, कंपनी ने अभी तक उनके उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान नहीं किया है. उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में नए नेतृत्व की घोषणा की जाएगी.
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हुआ बदलाव
प्रभजीत सिंह ऐसे समय में Uber छोड़ रहे हैं, जब भारत में राइडहेलिंग बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. Rapido जैसे घरेलू प्लेटफॉर्म और Bharat Taxi जैसे नए खिलाड़ियों की चुनौती के बीच Uber अपनी बाजार हिस्सेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
इसी दौरान कंपनी ने अपने ऐप में मेट्रो टिकट बुकिंग जैसी नई सुविधाएं भी शुरू की हैं. यह सेवा फिलहाल पांच शहरों में उपलब्ध है और ONDC के जरिए अब तक एक करोड़ से ज्यादा मेट्रो टिकट Uber ऐप से बुक किए जा चुके हैं. हाल ही में Uber ने ONDC में 60 करोड़ रुपये के रणनीतिक निवेश की भी घोषणा की थी. अब प्रभजीत सिंह के OpenAI से जुड़ने को भारत के AI सेक्टर के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है.



