Bihar

छपरा में ट्रक से टकराई ऑर्केस्ट्रा की गाड़ी, 3 लोगों की मौत, 9 घायल… 24 घंटे में दूसरी ऐसी घटना

बिहार के सारण में ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी और ट्रक में टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि नौ अन्य घायल बताए जा रहे हैं. इसमें कुछ की हालत गंभीर है. महज दो दिन पहले ही एक अन्य ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. उस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी. महज दो दिनों के अंदर हुई इस प्रकार की लगातार दूसरी घटना ने सड़क सुरक्षा और देर रात में यात्रा करने को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

छपरा में ट्रक से टकराई ऑर्केस्ट्रा की गाड़ी, 3 लोगों की मौत, 9 घायल… 24 घंटे में दूसरी ऐसी घटना
छपरा में ट्रक से टकराई ऑर्केस्ट्रा की गाड़ी, 3 लोगों की मौत, 9 घायल… 24 घंटे में दूसरी ऐसी घटना

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के बनवार फ्लाईओवर के पास नेशनल हाईवे531 पर बीती रात यह घटना घटी. बताया जा रहा है कि एक पिकअप वैन में सवार ऑर्केस्ट्रा टीम के सभी सदस्य किसी दूसरी जगह पर रातभर कार्यक्रम करने के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बनवार फ्लाईओवर के पास एनएच531 पर ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी की एक तेज रफ्तार ट्रक से भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए. मौके पर अफरातफरी मच गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

इधर हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई. स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी एकत्र हो गई और देखते ही देखते हाईवे पर लंबा जाम लग गया. सूचना मिलने के बाद स्थानीय दाउदपुर थाने की पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल और एकमा अस्पताल भेजा गया.

दाउदपुर थाना प्रभारी के अनुसार, मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया जा रहा है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को लेकर आशंका जताई जा रही है.

बता दें कि गत 6 मई को ही छपरा में एक अन्य ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कलाकारों और उनके परिवारों में भय का माहौल है. हालांकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के वक्त भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply