लखनऊ में AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. लखनऊ में आयोजित ‘बहुजन स्वराज संकल्प रैली’ को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि यूपी में दलित और मुसलमान अगर परेशान हैं तो इसकी वजह अखिलेश यादव हैं. उन्होंने मुस्लिम समाज को लेकर सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुसलमानों का वोट तो हासिल करते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ दरी बिछाने के काम पर लगाना जानते हैं. अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि अपना हिस्सा लेगा और नेता बनेगा.

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘अब्दुल दरी बिछाएगा या नेता बनेगा? अब्दुल अब सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा. अब्दुल अपना हिस्सा लेगा और अब्दुल को उसका हिस्सा बनेगा. अब्दुल अब सिर्फ वोटर नहीं बनेगा.’ उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज अपने वोट की ताकत से चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएगा. ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनना पड़ेगा, तभी जाकर जुल्म को रोका जा सकेगा.
करहल से यादव उम्मीदवार उतारने पर अखिलेश को घेरा
असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वह करहल से किसी मुसलमान को टिकट देकर दिखाएं. उन्होंने सपा प्रमुख से सवाल किया कि जब मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान ठंड में बच्चे तड़पतड़पकर मर रहे थे, तब वह कहां थे? ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव उनसे सवाल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए. ओवैसी ने अपने भाषण में मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए कहा, ‘जब सैफई में नंगा नाच हो रहा था, जब मुंबई से नाचने वालों को दो घंटे के लिए पैसे देकर बुलाया जाता था और तुम नंगा नाच देख रहे थे, तब मुजफ्फरनगर की सर्दी में बच्चे तड़पतड़पकर मर रहे थे. तुम कहां थे? बताओ, तुम्हें नजर नहीं आए?’
स्वराज का मतलब न हिंदू राष्ट्र, न ठाकुर राज और न यादव राज
असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के परिवार से मुलाकात का भी जिक्र किया. ओवैसी ने कहा कि वह चंद्रशेखर के घर गए, उनकी मां से मिले और उनका आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर की मां ने उन्हें आशीर्वाद दिया और उन्होंने उनके साथ बैठकर खाना खाया. ओवैसी ने कहा कि वह उस घर को अपना घर समझते हैं. रैली में ओवैसी ने संविधान और स्वराज के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर लिखकर गए हैं कि देश संविधान से चलेगा. उन्होंने यूपी की जनता से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का साथ देने की अपील की. गठबंधन को लेकर ओवैसी ने कहा, ‘ये सिर्फ हाथ मिलाने का मिलन नहीं, ये दिलों का मिलन हो गया है.’


