
प्रतापगढ़, अमृत विचार : नगर कोतवाली क्षेत्र के सेनानी नगर मीराभवन मोहल्ले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के घर पर किराए पर रह रहे एक 7 वर्षीय मासूम बच्चे की लोहे का गेट गिरने की वजह से मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजन रोरो कर बेहाल हैं।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के मूल निवासी रजनीश शर्मा प्रतापगढ़ की एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री में कर्मचारी हैं और वह अपने परिवार के साथ मीरा भवन मोहल्ले में स्थित भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के पैतृक आवास पर किराए पर रहते हैं। रविवार शाम को उनका 7 वर्षीय बेटा आद्विक शर्मा घर के मुख्य गेट को पकड़कर झूल रहा था। इसी दौरान अचानक लोहे के गेट का एक हिस्सा टूटकर सीधा मासूम अद्विक के ऊपर गिर पड़ा। गेट भारी होने के कारण मासूम उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग आननफानन में आद्विक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर सुनते ही मां और परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजन शव को लेकर अपने आवास चले गए। इस संबंध में सीओ सिटी आशुतोष मिश्र ने कहा कि घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की बात।

