Satya Report: उत्तर प्रदेश इटावा जिले के भरथनाइटावा मार्ग पर ग्राम सीहपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवा दंपति की जान चली गई. बाइक से जा रहे दीपक उर्फ शेरु और उनकी पत्नी अनामिका को सामने से आ रही अर्टिगा कार ने टक्कर मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. युवक होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने आगरा जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह सफर हमेशा के लिए खत्म हो गया. इस हादसे में डेढ़ माह की मासूम बेटी के सिर से मातापिता का साया उठ गया.

रविवार देर शाम ग्राम सीहपुर के पास सड़क पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक अर्टिगा कार और बाइक की आमनेसामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दंपति सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.
इलाके में पसरा मातम
घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को जब दोनों के शव एक साथ गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया. घर में चीखपुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जिसने भी यह दर्दनाक मंजर देखा, उसकी आंखें नम हो गईं और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया.
सपनों के साथ निकला था घर से
मृतक के भाई शिवम ने बताया कि बड़ा भाई दीपक अपनी पत्नी अनामिका के साथ इटावा जा रहा था. योजना थी कि बहादुरपुर स्थित ससुराल में रुककर रात की ट्रेन से आगरा जाना है, जहां उसे होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होना था. परिवार को उम्मीद थी कि यह परीक्षा उनके जीवन को नई दिशा देगी, लेकिन किस्मत ने बीच रास्ते में ही सब कुछ छीन लिया.
दीपक और अनामिका ने वर्ष 2022 में प्रेम विवाह किया था और दोनों खुशहाल जीवन जी रहे थे. उनकी डेढ़ माह की एक मासूम बेटी है, जो इस हादसे के समय ससुराल में थी. एक ही झटके में बच्ची के सिर से मातापिता का साया उठ गया. परिवार के लोग इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और बारबार यही कह रहे हैं कि सरकारी नौकरी की चाहत में निकले दोनों अब कभी वापस नहीं आएंगे.
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की. शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके.



