Pakistan Gangster Social Media Link In Gondia: पाकिस्तान के कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में रहने वाले संदिग्ध लोगों की तलाश में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता राज्य भर में व्यापक जांच अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत गोंदिया जिले में भी जांच की गई। गोंदिया तहसील के ग्राम पांढराबोड़ी निवासी 51 वर्षीय एक महिला से एटीएस ने शुक्रवार को पूछताछ की।

हालांकि, प्रारंभिक जांच में महिला के खिलाफ कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक तथ्य सामने नहीं आया। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र ATS ने शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में होने की आशंका वाले लोगों की पहचान के लिए राज्य भर में अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में विभिन्न जिलों में संदिग्धों का सत्यापन किया जा रहा है। इसी कार्रवाई के तहत पांढराबोड़ी गांव की उक्त महिला से भी पूछताछ की गई।
महिला व्हाट्सऐप ग्रुप से कैसे जुड़ी?
जांच के दौरान पता चला कि संबंधित महिला पढ़ीलिखी नहीं है और उसे ठीक से पढ़नालिखना भी नहीं आता। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके मोबाइल पर आई एक लिंक पर गलती से क्लिक हो गया था, जिसके बाद वह अनजाने में एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ गई। उस ग्रुप या उसके किसी सदस्य के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी।
इसके बाद ने महिला के मोबाइल, उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की। प्रारंभिक जांच में महिला का किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पाकिस्तान के कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कोई संबंध नहीं पाया गया। इसलिए पूछताछ के बाद उसके खिलाफ कोई आगे की कार्रवाई नहीं की गई।
अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
- पांढराबोड़ी की इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर आने वाली अनजान लिंक, ग्रुप और संदेशों को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर किया है।
- जांच एजेंसियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। कोई संदिग्ध संदेश, लिंक या व्हाट्सऐप ग्रुप दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



