
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पति-पत्नी के विवाद का एक हाईवोल्टेज मामला सामने आया है। गुडंबा थाना क्षेत्र में एक पंचायत सचिव को उसकी पत्नी ने कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ फ्लैट में पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और पत्नी ने पति की जूती से पिटाई कर दी। दूसरी महिला के साथ भी मारपीट का वीडियो सामने आया है।
मामला कुर्सी रोड स्थित सुलभ आवास के एक फ्लैट का बताया जा रहा है। पंचायत सचिव अलसफ बेग की पत्नी सभा को सूचना मिली थी कि उसका पति एक महिला के साथ फ्लैट में मौजूद है। इसके बाद वह पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा खुलते ही वहां मौजूद महिला को देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा।
सामने आए वीडियो में पत्नी अपने पति को जूती से पीटती नजर आ रही है। इसके बाद वह दूसरी महिला पर भी थप्पड़ बरसाती दिखाई देती है। महिला खुद को बचाने की कोशिश करते हुए कहती है कि वह अभी-अभी वहां आई है और उसे चोट लगी है। इस पर पत्नी पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर करती है।
पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी अलसफ बेग से 9 जून 2021 को हुई थी और दोनों की करीब ढाई साल की बेटी है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति का व्यवहार बदल गया और वह उसके साथ मारपीट करने लगा।
पत्नी ने पति पर शराब और नशीले पदार्थों का सेवन करने, सरकारी नौकरी का रौब दिखाकर धमकाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में सेक्स रैकेट जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और इनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गुडंबा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा के मुताबिक, पत्नी की शिकायत के आधार पर वैवाहिक विवाद को सुलझाने के लिए मामला मध्यस्थता केंद्र भेजा गया है। वहीं, पंचायत सचिव के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए अन्य गंभीर आरोपों की भी निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।


