
Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ के अलीगंज में तीन मंजिला इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत हो गई। अचानक लगी आग ने पूरी इमारत को कब्जे में ले लिया। इस दौरान बिल्डिंग में फंसे लोग मदद की गुहार लगाते रह गए। जब तक कोई बचाने के लिए पहुंचता तब तक पूरी इमारत राख हो चुकी थी। हादसा इतना भयावह था कि कई छात्रों ने जान बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी। घटना इसती भयावह थी कि आपबीती बताते हुए भी लोग सहम जा रहे हैं। पापा मुझे बचा लो…बस इतना ही कह पाया और घर का एक इकलौता चिराग बुझ गया। आलमबाग बस स्टैंड के पास रहने वाले सरकारी कर्मी प्रभुजोत का बेटा सुखमनी (24) चार वर्षों से कंपनी में काम कर रहा था। कल ही बेटे ने पिता को हैप्पी फादर्स डे विश किया था और आज बच्चा ही नहीं बचा।
पिता ने बताया दोपहर बाद करीब ढाई बजे सुखमनी की मोबाइल पर कॉल आई। उसने कहा पापा यहां आग लग गई है, मुझे बचा लो। यह सुनकर पहले तो हाथ पांव कांपने लगे, फिर ऑफिस से अलीगंज घटना स्थल पहुंचा, लेकिन तब तक पहुंचता, सब कुछ जल के राख हो चुका था। इसी तरह पीड़ित के परिजन, रिश्तेदार, दोस्त और पड़ोस के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर हादसे के पहले मृतकों से बात बयां करते नजर आए। आंख में आंसू और खो गए बेटे का गम चेहरे पर साफ झलक रहा था।
भविष्य की तलाश में आया था
हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले भार्गव परिवार का एकलौता बेटा भविष्य भार्गव लखनऊ आकर थ्री डी एनीमेशन में भविष्य की राह तलाश रहा था। लेकिन ऊपर वाले को और कुछ मंजूर था। मौके पर पहुंचे भार्गव परिवार के रिश्तेदार ने बताया कि फोन पर बोला कि पापा आग लग गई है और बायोमैट्रिक दरवाजा नहीं खुल रहा है। हमें बचा लिजिए।
थ्री डी एनीमेशन में चुना था करियर
सीतापुर बीसवां के रहने वाले आलोक श्रीवास्तव का बेटा आदित्य राम राम बैंक चौराहे अलीगंज निवासी रिश्तेदार के घर रहकर कंपनी में कोर्स कर रहा था। मां कल्पना से जिद कर उसने थ्री डी एनीमेशन में अपना करियर चुना था। हादसे की सूचना पर छोटा भाई धैर्य, बहन निष्ठा और आस्था पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। परिवारीजनों का बुरा हाल था।
इकलौते बेटे की मौत पर बेसुध हुए पिता
वहीं बाराबंकी फतेहपुर के रहने वाले हाजी इमरान का इकलौता बेटा शाहजान (22) गुडंबा में रहकर एनीमेशन का कोर्स कर रहा था। बेटे के रहने के लिए पिता फैजुल्लागंज में मकान बनवा रहे थे। हादसे की सूचना पर पीड़ित पिता बेसुध होकर गिर गए। परिवारीजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला।
बेटे की मौत सूचना पर जम्मू से लौटा सैन्य कर्मी पिता
जानकीपुरम में रहने वाले केशव दत्त आईबी में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग जम्मू में है। उनका बेटा इंस्टीट्यूट में कोर्स कर रहा था। रिश्तेदार ने बताया कि सोमवार को वह मां से जल्दी आने की बात कह कर निकला था। बेटे की मौत की सूचना पाकर पिता जम्मू से लौट आए।


