Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. राम दरबार के दर्शन के लिए लागू पास व्यवस्था फिलहाल समाप्त कर दी गई है. अब श्रद्धालु बिना किसी विशेष पास के सीधे राम दरबार पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे. यह फैसला श्रद्धालुओं की सुविधा और वर्तमान में नियंत्रित भीड़ को देखते हुए लिया गया है.

पहले राम दरबार और परकोटा क्षेत्र के मंदिरों में दर्शन के लिए पास लेना अनिवार्य था. नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालुओं को पास बनवाने की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे दर्शन अधिक सहज और सुगम हो जाएंगे. हालांकि, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा कि यदि भविष्य में श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ती है या किसी विशेष पर्व, अवकाश अथवा आयोजन के दौरान अत्यधिक भीड़ उमड़ती है, तो भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के मद्देनजर पास व्यवस्था दोबारा लागू की जा सकती है.
समयानुसार लिया गया है निर्णय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट
ट्रस्ट का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधा देना है, जबकि सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को भी पूरी तरह बनाए रखा जाएगा. प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए है. आवश्यकता पड़ने पर समयानुसार ये निर्णय लिया गया है. दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम होने के साथ श्रद्धालुओं का काफी समय बचेगा. सावन में रामनगरी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
ऐसे में ट्रस्ट द्वारा लिया गया ये फैसला भक्तों को बहुत राहत पहुंचाएगा. श्रद्धालु अब आवेदन या पास लेने की औपचारिकता से नहीं गुजरेंगे. दर्शन करने अयोध्या आए कई श्रद्धालुओं ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के इस फैसले को अच्छा बताया. मेरठ से अयोध्या पहुंचीं एक श्रद्धालु ने कहा कि उन्हें रामलला के दर्शन बेहद सहज तरीके से हुए. पहली बार अयोध्या आकर बहुत अच्छा लगा.किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई.
बिना पास के हो रहे हैं राम दरबार के दर्शन
श्रद्धालु ने कहा कि पहले राम दरबार के दर्शन के लिए पास की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है. सभी श्रद्धालुओं को बिना पास के राम दरबार के दर्शन होंंगे.ट्रस्ट ने बहुत अच्छी व्यवस्था की है. वहीं आजमगढ़ से आए श्रद्धालु ने कहा कि इस बार बिना किसी पास के राम दरबार के दर्शन करने को मिले. इससे खुशी हुई. उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाएं भी काफी अच्छी हैं.



