
पटना के दानापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ ताराचक नाले के पास एक पार्टी के दौरान अचानक दो गुटों में भारी विवाद हो गया, जो देखते ही देखते अंधाधुंध गोलीबारी में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में गोली लगने से 16 साल के एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की खबर पाकर एएसपी शिवम धाकड़ और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की सघन छानबीन में जुट गए हैं।
बाइक पर बैठे किशोर के सीने में लगी गोली
मिली जानकारी के मुताबिक, मृत किशोर की पहचान नितिन कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहटा के कटेसर मुस्तफापुर का रहने वाला था और ताराचक में अपने नाना राजेश्वर राय के घर रहकर पढ़ाई करता था। चश्मदीदों के अनुसार, घटना के समय नितिन नाले के पास अपनी बाइक पर बैठा हुआ था, तभी दोनों गुटों की तरफ से हुई फायरिंग की एक गोली सीधे उसके सीने में जा धंसी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। नितिन की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां प्रमिला देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में शव के पास बिलखते परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
15 से 20 राउंड चलीं गोलियां, जांच के लिए एसआईटी गठित
पुलिस के अनुसार, ताराचक नाला पर मंदिर के पास कुछ युवक पार्टी कर रहे थे, तभी किसी बात पर कहासुनी हुई और पूरी टोली दो गुटों में बंट गई। इस दौरान करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें ताराचक निवासी विजय कुमार (68 वर्ष) और आनंद बाजार निवासी सन्नी कुमार (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए हैं। सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष एसआईटी टीम का गठन कर दिया है। इसके साथ ही एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।



