TrendingUttar Pradesh

PDA का ‘P’ पाकिस्तान बना देंगे…. सीएम योगी का बड़ा हमला, बोले-गिरगिट की तरह रंग बदलते है सपा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी के नेता पीडीए की परिभाषा भी बदलते रहते हैं। कभी पी का मतलब पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया और एक दिन यही लोग पी का मतलब पाकिस्तान कर देंगे। मुख्यमंत्री यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल पद्म विभूषण कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाबूजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 

योगी ने कहा कि बाबूजी दबाव में काम करने वाले व्यक्ति नहीं थे। वह कहा करते थे, ”कल्याण सिंह टूट सकता है, झुक नहीं सकता।” उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान बाबूजी ने स्पष्ट कर दिया था कि संघर्ष स्वीकार है, सत्ता जाना स्वीकार है, लेकिन भगवान श्रीराम का अपमान स्वीकार नहीं है। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर और रामलला के विराजमान होने पर बाबूजी की स्मृति स्वाभाविक रूप से सामने आती है। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने संतों के नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में चले राम जन्मभूमि आंदोलन का खुलकर समर्थन किया।

सत्ता जाने की परवाह किए बिना उन्होंने रामभक्तों पर गोली नहीं चलाने का दृढ़ निर्णय लिया। सपा पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि बाबूजी के निधन के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली से लखनऊ पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। एसजीपीजीआई से लेकर बाबूजी के आवास, अलीगढ़ और नरौरा में अंतिम संस्कार तक प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य मौजूद रहे, लेकिन सपा अध्यक्ष न तो इन कार्यक्रमों में आए और न ही उन्होंने बाबूजी की स्मृति में दो शब्द कहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। 

बसपा प्रमुख मायावती ने बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा अध्यक्ष की ओर से कोई संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने इसे बाबूजी के साथसाथ सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव में विश्वास रखने वाले लोगों का अपमान बताया। योगी ने आरोप लगाया कि महापुरुषों का सम्मान नहीं करना सपा की आदत रही है। उन्होंने कहा कि कन्नौज में सपा सरकार के दौरान सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम हटाया गया, जिसे भाजपा सरकार ने फिर बहाल किया। 

इसी तरह मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जुड़े संस्थान का नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने औरैया में उनके नाम पर नया चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति को महान उसका पद नहीं, बल्कि उसकी सोच और कर्म बनाते हैं। कल्याण सिंह का जीवन उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जिनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और भारत के सनातन मूल्य एवं आदर्श महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ‘हिंदू गौरव दिवस’ बाबूजी के जीवन से प्रेरणा लेकर उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है। 

योगी ने कहा कि बाबूजी ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी और युवाओं के सामने खड़े पहचान के संकट को दूर करने के लिए बेहतर वातावरण बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहले कैंसर संस्थान में बाबूजी की प्रतिमा स्थापित की गई है और संस्थान का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। बुलंदशहर के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का नाम भी कल्याण सिंह के नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए कल्याण सिंह ने राम जन्मभूमि पर गुलामी के प्रतीक ढांचे को हटाने का साहस दिखाया और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। बाबूजी की स्मृतियों और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है। 

ये भी पढ़े : 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply