राम चरण स्टारर ‘पेद्दी’ अलगअलग वजहों से चर्चा में है। एक तरफ फिल्म में जाह्नवी कपूर के सीन्स को लेकर बवाल मचा हुआ है तो वहीं दूसरी तरफ ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार धुआंधार कमाई कर रही है। इस फिल्म ने राम चरण के लिए भी गेम चेंज कर दिया है, क्योंकि ‘आरआरआर’ के चार साल बाद उन्हें कोई हिट मिली है। इससे पहले सिनेमाघरों में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘गेम चेंजर’ को कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिल पाया था। मगर अब स्पोर्ट्स ड्रामा ने उनकी चांदी कर दी है। 4 ही दिनों में इस पैन इंडिया फिल्म ने 200 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है और अब फिल्म की पांचवे दिन की कमाई के आंकड़े भी सामने आ चुके हैं। तो चलिए जानते हैं कि फिल्म ने पांचवे दिन कितनी कमाई की।

पेद्दी मंडे टेस्ट में फेल हुई या पास?
4 जून को राम चरण की फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और तब से ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमाए हुए है। चार दिनों में फिल्म ने खूब नोट छापे, लेकिन सबकी नजरें इसके पांचवे दिन यानी सोमवार के कलेक्शन पर थी। हॉलीवुड, बॉलीवुड और यहां तक कि साउथ फिल्में भी पहले दिन और वीकेंड पर तो खूब कमाई करती हैं, लेकिन इसके असली हाल सोमवार को ही पता चलते हैं। जहां कई फिल्में अपनी कमाई जारी रखती हैं तो कई औंधे मुंह गिर जाती हैं और अब ‘पेद्दी’ के साथ भी कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है। फिल्म को पांचवे दिन तगड़ा झटका लगा है।
सोमवार को पिछड़ी ‘पेद्दी’
राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ के पांचवे दिन के कलेक्शन की बात करें तो घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ये कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की अर्ली रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले सोमवार को यानी पांचवे दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 7.45 करोड़ का कलेक्शन किया है, जबकि रविवार को इसने 30 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था। पेद्दी का प्रीकलेक्शन 18.50 करोड़ था, वहीं पहले दिन फिल्म ने 51 करोड़, दूसरे दिन 26.90 करोड़, तीसरे दिन 28.85 करोड़ और चौथे दिन 31.90 करोड़ कमाए। पांचवे दिन कलेक्शन 7.45 करोड़ पर अटक गया और इसी के इसका नेट इंडिया कलेक्शन 164.60 करोड़ और ग्रॉस इंडिया कलेक्शन 196 करोड़ हो गया है। वहीं वर्ल्डवाइड ये फिल्म 230 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।
क्या है फिल्म की कहानी?
पेद्दी की कहानी की बात करें तो ये एक दिहाड़ी मजदूर के इर्दगिर्द घूमती है, जो क्रिकेट और कुश्ती में माहिर है। अपने हुनर का इस्तेमाल करते हुए वो उस गांव के लिए लड़ाई लड़ता है जो किसी नक्शे में है ही नहीं। यानी इस गांव को सरकारी तौर पर कोई मान्यता नहीं मिली है। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम भूमिका में हैं।
ः



