उत्तर प्रदेश के बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र से छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. यहां 12वीं की एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है. सोशल मीडिया पर उसकी एडिट की हुई तस्वीरें और रील वायरल करने के साथसाथ रास्ते में रोककर धमकाता है और अपने साथ घूमने का दबाव बनाता है.

लगातार हो रही इस प्रताड़ना से छात्रा इतनी परेशान हो गई कि उसे अपनी पढ़ाई तक छोड़नी पड़ गई. मामले की शिकायत मिलने के बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
रास्ते में रोककर देता था धमकी
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. उसका आरोप है कि भगवतीपुर निवासी सरवन पटेल काफी समय से उसे परेशान कर रहा है. आरोपी अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट से उसकी एडिट की गई तस्वीरें और रील सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा है, जिससे उसकी बदनामी हो रही है.
छात्रा का आरोप है कि आरोपी कई बार रास्ते में उसका पीछा करता था और उसे रोककर अपने साथ घूमने के लिए दबाव बनाता था. विरोध करने पर वह डरानेधमकाने की कोशिश करता था. युवक की इन हरकतों से छात्रा और उसका परिवार लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा. बदनामी और डर के कारण छात्रा का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया और आखिरकार उसे अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी.
शादी नहीं होने देने की धमकी
छात्रा ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी कहता था कि वह उसकी शादी भी नहीं होने देगा. लगातार मिल रही धमकियों और सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने से वह मानसिक रूप से टूट गई. परिवार ने पहले मामले को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो पुलिस की शरण लेनी पड़ी.
बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी सरवन पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल की गई पोस्ट और फोटो की भी जांच की जा रही है.



