BusinessIndia

​PI Industries Share Price: कंपनी को कम हुआ मुनाफा, तो शेयर ने लगाया 16% का गोता; साल के सबसे निचले पर आया भाव

PI Industries Share Price: शेयर बाजार में गुरुवार का दिन एग्रोकेमिकल सेक्टर की जानीमानी कंपनी पीआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निवेशकों के लिए बेहद खराब साबित हुआ. कंपनी के शेयरों में सुबह से ही भारी बिकवाली देखने को मिली. देखते ही देखते ये स्टॉक 16.28 फीसदी का गोता लगाकर 1,830.90 रुपये के स्तर पर आ गया. ये इस शेयर का 52 हफ्तों का सबसे निचला स्तर है. शेयर में आई इस अचानक गिरावट की सबसे बड़ी वजह चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के कमजोर नतीजे हैं. कंपनी ने बुधवार को बाजार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजों का ऐलान किया था. जैसे ही गुरुवार को बाजार खुला, निवेशकों ने इस शेयर से निकलना शुरू कर दिया.

​PI Industries Share Price: कंपनी को कम हुआ मुनाफा, तो शेयर ने लगाया 16% का गोता; साल के सबसे निचले पर आया भाव

निवेशकों को इस साल हुआ भारी नुकसान

गुरुवार के कारोबार के दौरान एक समय भारी गिरावट के बाद ये शेयर थोड़ा संभला जरूर, लेकिन फिर भी 14.68 फीसदी के नुकसान के साथ 1,865.75 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा. सिर्फ आज की गिरावट ही नहीं, बल्कि पूरे साल इस शेयर ने निवेशकों को निराश किया है. इस साल अब तक इस स्टॉक में 42.04 फीसदी की बड़ी गिरावट आ चुकी है. यानी जिन लोगों ने साल की शुरुआत में इस कंपनी में पैसा लगाया था, उनकी रकम अब करीब आधी हो चुकी है.

बीएसई पर अचानक बढ़ी शेयरों की बिकवाली

नतीजों के बाद शेयर बेचने की होड़ किस कदर मची थी, इसका अंदाजा ट्रेडिंग वॉल्यूम के आंकड़ों से साफ लगाया जा सकता है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर गुरुवार को कंपनी के 3.17 लाख शेयरों की खरीदबिक्री हुई. अगर पिछले दो हफ्तों के औसत पर नजर डालें, तो रोज सिर्फ 67,000 शेयरों का ही कारोबार होता था. यानी आम दिनों के मुकाबले आज कई गुना ज्यादा शेयर बेचे गए. इस भारी हलचल के बीच काउंटर पर कुल 59.86 करोड़ रुपये का टर्नओवर दर्ज किया गया. इस गिरावट के बाद कंपनी का कुल मार्केट कैप घटकर 28,302.26 करोड़ रुपये रह गया है.

कंपनी की कमाई से लेकर मुनाफे तक में बड़ी सेंध

कंपनी के वित्तीय नतीजों के आंकड़े बताते हैं कि हर मोर्चे पर प्रदर्शन कमजोर रहा है. वित्त वर्ष 2027 की सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 70 फीसदी घटकर सिर्फ 122.2 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 409.3 करोड़ रुपये का तगड़ा मुनाफा कमाया था. मुनाफे के साथसाथ कंपनी की कुल कमाई में भी कमी आई है. दूसरी तिमाही में कामकाज से होने वाली आय 9 फीसदी गिरकर 1,701.8 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,872.3 करोड़ रुपये थी.

कामकाजी मोर्चे पर भी कमजोर पड़ी कंपनी

तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग प्रदर्शन भी काफी दबाव में रहा. ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन से पहले की कमाई यानी EBITDA में सालाना आधार पर 57 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई है. एक साल पहले जिस तिमाही में कंपनी का EBITDA 543.4 करोड़ रुपये था, वो अब घटकर 236.2 करोड़ रुपये पर आ गया है. इसका सीधा असर कंपनी के मार्जिन पर पड़ा है. कंपनी का EBITDA मार्जिन पिछले साल के 29 फीसदी से घटकर ठीक आधा यानी 14 फीसदी रह गया. इसके अलावा कंपनी का ग्रॉस मार्जिन भी फिसलकर 49 फीसदी पर आ गया है. कंपनी के एग्रोकेमिकल एक्सपोर्ट में भी सालाना आधार पर करीब 18 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है. बता दें कि सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, पीआई इंडस्ट्रीज में प्रमोटर्स की कुल हिस्सेदारी 46.09 फीसदी है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply