प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय उद्योग जगत से घरेलू बाजार तक सीमित रहने के बजाय दुनिया के बाजारों में अपनी जगह बनाने की अपील की है. उन्होंने कंपनियों से कहा कि मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने, कच्चे माल के बजाय तैयार उत्पाद बनाने और निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाए. मोदी ने कहा कि कंपनियों को अगले 20 साल के निवेश से जुड़े फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ यानी देश के हित को सबसे आगे रखना चाहिए.

फिक्की की सालाना आम बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का घरेलू बाजार कंपनियों के लिए केवल कारोबार करने की सुरक्षित जगह नहीं होना चाहिए. इसे वैश्विक बाजार में मुकाबला करने का आत्मविश्वास देना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथसाथ कारोबार के नए अवसर भी तैयार करने होंगे. इसके लिए उद्योगों को अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ानी होगी और दूसरे देशों से होने वाले आयात पर निर्भरता कम करनी होगी.
सरकार उद्योगों के सुझावों पर काम करने को तैयार
मोदी ने कहा कि सरकार ने टैक्स और कारोबार से जुड़े नियमों को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं. उन्होंने उद्योग जगत से आगे के सुधारों के लिए लिखित सुझाव देने को कहा. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पुरानी सरकार नहीं है, बल्कि ऐसी सरकार है जो उद्योगों की सहयोगी है. कारोबारी बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और सुझाव सरकार तक पहुंचा सकते हैं. फिक्की के 100 साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने उद्योग जगत से अगले 20 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम करने को कहा.
दवा से लेकर स्टील तक, आयात कम करने पर जोर
प्रधानमंत्री ने दवा, स्टील, एल्युमीनियम, कृषि और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में भारत की संभावनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में भारत घरेलू उत्पादन बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम कर सकता है. उन्होंने बताया कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है. देश तैयार दवाओं के उत्पादन में मजबूत है, लेकिन दवाएं बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई जरूरी कच्चे पदार्थ और केमिकल अब भी विदेशों से मंगाए जाते हैं.
इनमें एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स , बल्क ड्रग्स और दवाओं के बीच में इस्तेमाल होने वाले पदार्थ शामिल हैं. मोदी ने दवा कंपनियों से ऐसे उत्पादों की पहचान करने को कहा, जिन्हें भारत में ही बनाया जा सकता है. इसके लिए नई तकनीक और बड़े उत्पादन संयंत्रों में निवेश करने की जरूरत है. उन्होंने स्टील और एल्युमीनियम उद्योग की भी बात की. मोदी ने कहा कि भारत लौह अयस्क का निर्यात करता है, लेकिन तैयार स्टील का आयात करता है. इसी तरह देश में बॉक्साइट के बड़े भंडार होने के बावजूद कुछ खास तरह के एल्युमीनियम और उसके उत्पादों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है. उन्होंने कंपनियों से उन खास किस्म के स्टील की पहचान करने को कहा, जिन्हें भारत अभी आयात करता है. उद्योगों को ऐसी तकनीक विकसित करनी चाहिए, जिससे इनका उत्पादन देश में ही हो सके.
प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि अगर भारत गेहूं का निर्यात करता है और ब्रेड का आयात करता है, तो इसकी वजह क्या है? उन्होंने कहा कि देश को कच्चा माल बेचने के बजाय उससे तैयार उत्पाद बनाने पर ध्यान देना चाहिए. इससे उत्पादों की कीमत और उद्योगों की कमाई दोनों बढ़ सकती हैं.
कृषि और फूड प्रोसेसिंग में निवेश बढ़ाने की अपील
मोदी ने उद्योग जगत से कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश बढ़ाने को कहा. उन्होंने बताया कि दुनिया के कुल कृषि निर्यात में भारत की हिस्सेदारी अभी केवल 2 से 2.5 फीसदी है. हालांकि, पिछले 12 साल में भारत के कृषि और खाद्य उत्पादों के कुल निर्यात में प्रोसेस्ड फूड की हिस्सेदारी 13 फीसदी से बढ़कर 20 फीसदी से ज्यादा हो गई है. उन्होंने कंपनियों से विदेशों की जरूरतों के हिसाब से खाद्य उत्पाद तैयार करने, किसानों से बेहतर खरीद नेटवर्क बनाने और दूसरे देशों के ग्राहकों की पसंद को समझने की अपील की.
मशीनरी और छोटे उद्योगों के लिए भी बड़े मौके
प्रधानमंत्री ने हैंड टूल्स, पावर टूल्स और मशीनरी बनाने वाले उद्योगों को भी निर्यात बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि बड़ी कंपनियों को छोटे उद्योगों की मदद करनी चाहिए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता और बड़े ऑर्डर के हिसाब से उत्पादन कर सकें. भारत विकासशील देशों, खासकर ग्लोबल साउथ के देशों के लिए मशीनरी तैयार कर सकता है. इसके अलावा पैकेजिंग मशीन, सिंचाई से जुड़े उपकरण और फैक्ट्रियों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के उत्पादन में भी अवसर हैं. मोदी ने कहा कि भारत ने कई देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं. इन समझौतों से भारतीय कंपनियों को बड़े विदेशी बाजारों तक पहुंचने का मौका मिला है. हालांकि, कंपनियों को इसका फायदा उठाने के लिए विदेशी बाजारों, ग्राहकों की पसंद और सामान पहुंचाने के नेटवर्क को समझना होगा.



