केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और विदेश यात्रा कम करने की अपील का समर्थन किया. वहीं प्रधानमंत्री की ईंधन बचत अपील के समर्थन में आज केंद्रीय मंत्री आठवले मुंबई मेट्रो से सफर करेंगे. केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले आज मुंबई में विधान भवन मेट्रो स्टेशन से बीकेसी तक मेट्रो यात्रा करेंगे. यह यात्रा पेट्रोलडीजल की बचत और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के मकसद से की जा रही है.

कार्यक्रम के अनुसार, रामदास आठवले दोपहर 12 बजे विधान भवन मेट्रो स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेंगे और बांद्राकुर्ला कॉम्प्लेक्स तक मेट्रो से सफर करेंगे. ये सफर एक्वा मेट्रो भूमिगत मार्ग के जरिए होगा.
प्रधानमंत्री मोदी की देश से अपील
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक संकट और ईंधन बचत को ध्यान में रखते हुए देशवासियों से निजी वाहनों का कम उपयोग करने, कार पूलिंग अपनाने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की थी. उसी के समर्थन में यह पहल की जा रही है.
काफी तेजी से बढ़ रही सोने की कीमतें
रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा, अगर हम देश की अर्थव्यवस्था को विकसित करना चाहते हैं और हर व्यक्ति के लिए आर्थिक न्याय सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो हमें यह समझना होगा कि सोने की कीमतें काफी तेजी से बढ़ रही हैं. इसलिए, हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए, उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस समय बहुत ज्यादा सोना खरीदने से बचें.
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले
उन्होंने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है, जिसे सरकार की एक बड़ी प्राथमिकता माना गया है. उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गई है, और अब हमारा लक्ष्य तीसरे और फिर दूसरे स्थान पर पहुंचना है. लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. इसलिए, पीएम मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए, मैं उनके दृष्टिकोण का समर्थन करता हूं और सभी से इसका पालन करने का आग्रह करता हूं.



