ChhattisgarhIndia

CG में स्टंटबाज बाइकर्स गैंग पर पुलिस का एक्शन, कान पकड़कर माफी मांगने पर मजबूर हुए युवक

कोरबा.

CG में स्टंटबाज बाइकर्स गैंग पर पुलिस का एक्शन, कान पकड़कर माफी मांगने पर मजबूर हुए युवक

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सावन महीने में कनकी धाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करना बाइकर्स गिरोह को महंगा पड़ गया। उरगा थाना क्षेत्र के तरदा गांव के पास मार्ग रोककर हुड़दंग मचाने, मोडिफाइड साइलेंसर के साथ तेज रफ्तार बाइक चलाने और स्टंटबाजी करने वाले सात बाइक सवारों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।

सभी युवकों से हाथ जोड़वाकर माफी मंगवाई। लिखित और मौखिक रूप से भविष्य में दोबारा इस तरह की हरकत न करने और श्रद्धालुओं को परेशान न करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मौके से सात बाइकों को जब्त किया है। पकड़े गए युवकों में कई नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ BNS की धारा 285 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही 8 लोगों के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। नाबालिगों को समझाइश देकर परिजनों को सुपूर्द कर दिया गया, जबकि अन्य को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जमानत न मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार सभी युवक कोरबा शहर के रहने वाले हैं। इन बाइकर्स के गिरोह ने मंदिर मार्ग पर उत्पात मचाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया था। वीडियो में ये युवक श्रद्धालुओं की सुरक्षा में बाधा डालते और सड़क जाम कर स्टंट करते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और सभी आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि सावन के दौरान कनकी धाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में सड़क अवरुद्ध कर हुड़दंग मचाना और कानून व्यवस्था बिगाड़ना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर निगरानी लगातार की जा रही है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी आगे कार्रवाई की जाएगी। सीएसपी ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और गैंग बनाकर सड़क पर उत्पात न मचाएं। पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और धार्मिक स्थलों के मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply