BiharCrimeIndiaTrending

पुलिस दीदी को धक्का मारा, फिर थप्पड़ बरसाया; पटना में बीच सड़क महिला पुलिसकर्मी से मारपीट.

पुलिस दीदी को धक्का मारा, फिर थप्पड़ बरसाया; पटना में बीच सड़क महिला पुलिसकर्मी से मारपीट.

बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ में महिला पुलिसकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक स्थित सुभाष चौक के पास बुधवार देर शाम रोको-टोको अभियान के दौरान पुलिस दीदी के साथ सरेआम मारपीट की गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले युवक की पहचान शुरू कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस दीदी सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी, अपनी पांच महिला आरक्षियों के साथ बुधवार की शाम लगभग 6:30 बजे खेमनीचक इलाके में गश्ती कर रही थीं। इसी दौरान सुभाष चौक के पास कुछ युवक संदिग्ध स्थिति में नजर आए। पुलिस दीदी ने रोको-टोको अभियान के तहत युवकों को रोककर उनसे पूछताछ शुरू की।

बहस के बाद धक्कामुक्की, फिर मारपीट

इसी दौरान युवकों ने पुलिस की पूछताछ का विरोध करना शुरू कर दिया। एक युवक ने पुलिस दीदी के साथ बहस की और फिर धक्का-मुक्की करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने कथित तौर पर हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में युवक महिला पुलिसकर्मी पर थप्पड़ बरसाते हुए नजर आ रहा है।

पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 मनोज कुमार ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने गुरुवार को बताया कि एसआई प्रियंका कुमारी अन्य महिला आरक्षियों के साथ खेमनीचक के पास गश्ती कर रही थीं। तभी यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले युवक की पहचान की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply