झारखंड की बहुचर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत सुसाइड केस में रांची पुलिस एक्शन में आ गई है. इस मामले में रांची के पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है. वहीं मामले में 2 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करते हुए जांच के लिए SIT का गठन किया गया है. इस एसआईटी का नेतृत्व डीएसपी रैंक के अधिकारी कर रहे हैं.

रांची पुलिस के मुताबिक 6 नवंबर को निशा भगत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर सुसाइड कर लिया था. इस संबंध में निशा भगत के पिता ने पुलिस में तहरीर दी है. इसमें उन्होंने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को आरोपी बनाते हुए एफआईआर दर्ज कराया है. अब पुलिस की एसआईटी इस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुट गई है. इस मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
निष्पक्ष जांच के लिए हटाए गए थाना प्रभारी
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के मुताबिक निशा भगत के पिता की तहरीर पर मामले की जांच शुरू हो गई है. उन्होंने बताया कि पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय के रहते जांच प्रभावित होने की आशंका थी, इसलिए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है. इस घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तमाम तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. मामले की जांच डीएसपी स्तर के पदाधिकारी कर रहे हैं.
फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
एसपी ग्रामीण के मुताबिक मामले की जांच में फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. बता दें कि आदिवासी समाज के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर हमेशा मुखर रहने वाली आदिवासी नेत्री निशा भगत ने 06 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव पर आकर पुलिस के साथसाथ उन्होंने कई लोगों पर आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी.



