उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुरादाबाद से सामने आई एक तस्वीर को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन की BJP के नेताओं के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. तस्वीर में उनके साथ BJP के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, मुरादाबाद शहर विधायक रितेश गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह नजर आ रहे हैं. तस्वीर सामने आने के बाद सपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है.

सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस मुलाकात को शिक्षक MLC चुनाव की रणनीति और 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं. वहीं, सपा के कुछ नेताओं ने इस मुलाकात पर सवाल उठाए हैं. दूसरी तरफ, एसटी हसन के समर्थकों का कहना है कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी, बल्कि रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में ट्रेन लेट होने के दौरान हुई सामान्य मुलाकात थी. फिलहाल तस्वीर को लेकर लगाए जा रहे राजनीतिक कयासों पर एसटी हसन ने कुछ नहीं कहा है.
वेटिंग रूम की तस्वीर से क्यों मचा बवाल?
विवाद की शुरुआत मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में हुई मुलाकात की तस्वीर से हुई. तस्वीर में अलगअलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मुलाकात के मकसद को लेकर तरहतरह के दावे किए जाने लगे. कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में इसे राजनीतिक रणनीति से जोड़ने की कोशिश की गई, जबकि सपा के कुछ स्थानीय नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई.
ST हसन के समर्थकों की सफाई ट्रेन लेट थी, इसलिए हुई मुलाकात
पूर्व सांसद एसटी हसन के समर्थकों ने तस्वीर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि यह मुलाकात 29 सितंबर को हुई थी. वंदे भारत ट्रेन करीब तीन घंटे लेट थी, जिसके चलते नेता रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में मौजूद थे और इसी दौरान उनकी मुलाकात हो गई. पूर्व पार्षद सलीम वारसी समेत एसटी हसन के समर्थकों का कहना है कि इस सामान्य मुलाकात को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है. उनके मुताबिक, तस्वीर के आधार पर किसी गुप्त बैठक या राजनीतिक सांठगांठ का निष्कर्ष निकालना सही नहीं है.
सपा के भीतर बयानबाजी
तस्वीर वायरल होने के बाद सपा की स्थानीय राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है. हारून पाशा समेत कुछ स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को लेकर सवाल उठाए हैं.
शिक्षक MLC चुनाव से जोड़कर देखी जा रही तस्वीर
उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच नेताओं की आपसी मुलाकातों को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है. इसी वजह से एसटी हसन और BJP नेताओं की तस्वीर को भी शिक्षक MLC चुनाव के संभावित समीकरणों से जोड़कर चर्चा की जा रही है. सपा ने बरेलीमुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में मोहम्मद दानिश अख्तर को अपना प्रत्याशी बनाया है. उनकी टक्कर बीजेपी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और निर्दलीय प्रत्याशी विमलेंद्र शर्मा विमल से है.



