अगर आप नया इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. Komaki Electric Vehicles ने भारत में अपने दो नए इलेक्ट्रिक स्कूटर MG Pro V और MG Pro+ लॉन्च कर दिए हैं. इनकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 73,999 रुपये रखी गई है. कंपनी का दावा है कि दोनों स्कूटर मजबूत मेटल बॉडी, लंबी रेंज और मॉडर्न फीचर्स के साथ आते हैं. खास बात यह है कि इस कीमत में मेटल बॉडी मिलना इन्हें अपने सेगमेंट के दूसरे इलेक्ट्रिक स्कूटरों से अलग बनाता है.

कंपनी के मुताबिक, आज बाजार में मिलने वाले ज्यादातर इलेक्ट्रिक स्कूटर फाइबर बॉडी के साथ आते हैं. फाइबर बॉडी हल्की जरूर होती है, लेकिन मेटल बॉडी के मुकाबले कम मजबूत मानी जाती है. इसी वजह से Komaki ने अपने नए MG Pro V और MG Pro+ में पूरी मेटल बॉडी दी है, जिससे स्कूटर ज्यादा मजबूत और टिकाऊ बनते हैं. कंपनी का कहना है कि ये स्कूटर उन ग्राहकों के लिए बनाए गए हैं जो कम बजट में अच्छी क्वालिटी और लंबी उम्र वाला इलेक्ट्रिक वाहन चाहते हैं.
इलेक्ट्रिक स्कूटरों की रेंज
रेंज की बात करें तो Komaki MG Pro V एक बार फुल चार्ज होने पर 90 से 100 किलोमीटर तक चल सकता है. वहीं Komaki MG Pro+ की रेंज इससे भी ज्यादा है. कंपनी का दावा है कि यह स्कूटर एक बार चार्ज करने पर 150 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर सकता है. यानी यह सिर्फ रोजाना ऑफिस या कॉलेज जाने के लिए ही नहीं, बल्कि शहर के अंदर लंबी दूरी तय करने के लिए भी अच्छा विकल्प बन सकता है.
इलेक्ट्रिक स्कूटरों के फीचर्स
दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटरों में BLDC हब मोटर दी गई है. इसके साथ LiFePO4 बैटरी का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी का कहना है कि यह बैटरी सामान्य लिथियम बैटरियों की तुलना में ज्यादा सुरक्षित होती है और इसकी लाइफ भी लंबी होती है. इससे बैटरी लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करती है और मेंटेनेंस का खर्च भी कम हो सकता है. फीचर्स की बात करें तो दोनों स्कूटर कई आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं. इनमें मोबाइल ऐप कनेक्टिविटी दी गई है, जिसकी मदद से राइडर अपने फोन पर बैटरी की स्थिति और बची हुई रेंज जैसी जानकारी देख सकता है.


