TrendingUttar Pradesh

Pratapgarh News : ससुराल पहुंचे पूर्व फौजी ने साले पर दागी गोलियां, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीटा

कोहंडौर/प्रतापगढ़, अमृत विचार : मायके से पत्नी की विदाई कराने पहुंचे पूर्व फौजी ने पारिवारिक विवाद में अपने ही साले को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल साले को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी को पकड़कर लाठीडंडों से पीटा और रस्सी से बांधने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार निवासी 40 वर्षीय देवेन्द्र यादव पुत्र गया प्रसाद यादव यादव मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे। उनके सगे जीजा कपिल यादव निवासी खानापुर,थाना पीपरपुर जनपद अमेठी का अपनी पत्नी यानी देवेन्द्र की बहन प्रियंका के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कारण सोमवार को देवेन्द्र यादव अपनी बहन प्रियंका को उसके दोनों बच्चों समेत ससुराल से अपने घर ले आए थे।

बाजार में पहुंचते ही निकाल ली पिस्टल

इसी बात से नाराज होकर मंगलवार दोपहर 12 बजे कपिल यादव मदाफरपुर बाजार पहुंचा और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से साले देवेन्द्र यादव पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। ​दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से बाजार में चीखपुकार मच गई। गोली लगने से लहूलुहान होकर देवेन्द्र जमीन पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी कपिल यादव को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। ​

भीड़ के चंगुल से आरोपी को पुलिस ने बचाया

सूचना मिलते ही कोहंडौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से आरोपी कपिल यादव को सुरक्षित बाहर निकाला और अपनी हिरासत में ले लिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल देवेन्द्र यादव को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों  ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक के शव को  पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply