
प्रयागराज। गुजरात में छिपकर रह रहा एक लाख रुपये का इनामी बदमाश दिलबहार खान शुक्रवार शाम प्रयागराज पहुंचते ही विशेष कार्य बल के हत्थे चढ़ गया। एसटीएफ के अनुसार वह अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। एसटीएफ ने बताया कि दिलबहार को 21 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे प्रतापगढ़ रोड पर सोरांव बाईपास स्थित बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त प्रयागराज ने वर्ष 2025 में सोरांव थाने में दर्ज एक मुकदमे में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार दिलबहार खान मूलरूप से प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के कुल्हीपुर गांव का निवासी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह गुजरात के सूरत में पलसाना स्थित कुलसुम रेजीडेंसी, पांडेसरा क्षेत्र में रह रहा था।
एसटीएफ की टीम काफी समय से गुजरात के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश और सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिलबहार अपने साथियों के साथ प्रयागराज आया है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना पर एसटीएफ ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दिलबहार ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है और वह वर्ष 2011 से अपने साथियों के साथ ट्रक लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। एसटीएफ के मुताबिक उसके खिलाफ प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में जेल भी जा चुका है।
बैंक मैनेजर की हत्या के बाद डकैती का भी आरोप
एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2025 में सोरांव थाने में दर्ज एक मुकदमे में भी दिलबहार वांछित था और इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार दिलबहार पर प्रयागराज के मऊआइमा क्षेत्र में बैंक प्रबंधक नवीन कुमार की गोली मारकर हत्या करने के बाद डकैती करने का भी आरोप है। इस संबंध में मऊआइमा थाने में हत्या, डकैती समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
ः



