
सीतापुर, अमृत विचार। पैगंबर मोहम्मद साहब के यौमएपैदाइश के अवसर पर बुधवार को निकलने वाले पारंपरिक जुलूसएमुहम्मदी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शहर के पुराने और प्रमुख मोहल्लों में सजावट, स्वागत द्वार और रोशनी का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मरकजी कमेटी जुलूसएमुहम्मदी, विभिन्न अंजुमनों और स्थानीय नागरिकों की ओर से कार्यक्रम को भव्य और अनुशासित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जुलूस के कदीमी रास्तों पक्के पुल, कोट, कजियारा, मिरदही टोला, सिटी रेलवे स्टेशन रोड, मन्नी चौराहा, दियाबत्ती और तरीनपुर समेत अन्य क्षेत्रों में आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों और चौराहों पर लोहे के एंगल लगाकर रंगबिरंगी लाइटों व झालरों से सजावट की जा रही है। कई स्थानों पर इस्लामी झंडों और रोशनी से पूरा इलाका जगमगाने लगा है। युवाओं में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह है। जुलूस में शामिल होने वाले वाहनों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
बिना पंजीकरण वाहन नहीं होंगे शामिल
वहीं स्वयंसेवक देर रात तक जुलूस मार्ग की साफसफाई और गड्ढों को भरने के कार्य में जुटे हैं। जगहजगह सबील लगाने की तैयारियां भी चल रही हैं। मरकजी कमेटी के जनरल सेक्रेटरी इकबाल अहमद ने बताया कि सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जुलूस में शामिल होने वाली अंजुमनों का पंजीकरण जारी है और बिना पंजीकरण किसी भी वाहन को जुलूस में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।


