
मशरक, सारण, बिहार: सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय रवि प्रकाश के रूप में हुई है। वह शिव चर्चा करते थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी कनपटी में गोली मारकर हत्या की गई।
सुबह गांव की कुछ महिलाएं गोबर फेंकने के लिए निकली थीं। इसी दौरान उनकी नजर निर्माण कार्य के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास पड़े शव पर पड़ी। पहचान होने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी संजय कुमार सुधांशु समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पत्नी की मौत के बाद अकेले पाल रहे थे तीन बच्चों को
रवि प्रकाश की पत्नी का करीब चार साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद दो बेटों और एक बेटी के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी हत्या की खबर से परिवार में मातम पसरा है। मां के बाद अब तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
सत्यम रिपोर्ट: हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में पुलिस जांच जारी है। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



