IndiaPunjabTrending

नगर निगम के कर्मचारियों के साथ पंजाब सरकार कर रही है विश्वासघात: विजय सांपला

बरनाला लाठीचार्ज के दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करे सरकार : सांपला

नगर निगम के कर्मचारियों के साथ पंजाब सरकार कर रही है विश्वासघात: विजय सांपला

होशियारपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग विजय सांपला ने कहा कि पंजाब सरकार नगर निगम एवं नगर परिषदों के कर्मचारियों के साथ लगातार धोखा और विश्वासघात कर रही है। सत्ता में आने से पहले कर्मचारियों को पक्का करने के बड़ेबड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज वही कर्मचारी अपने हकों के लिए सड़कों पर धरने देने को मजबूर हैं। यह सरकार की कथनी और करनी के अंतर का सबसे बड़ा प्रमाण है।

नगर निगम एवं नगर परिषदों के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर सफ़ाई कर्मचारी यूनियन नगर निगम होशियारपुर के अध्यक्ष करनजोत आदिया, उपाध्यक्ष सोमनाथ आदिया तथा विक्रमजीत बंटी के नेतृत्व में चल रहे धरनाप्रदर्शन में आज विजय सांपला ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर कर्मचारियों के संघर्ष का समर्थन किया।

इस अवसर पर विजय सांपला ने बरनाला में अपने अधिकारों की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों पर किए गए पुलिस लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी जायज़ मांगें उठा रहे कर्मचारियों पर लाठियां बरसाना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार को शोभा नहीं देता। यह घटना पंजाब सरकार की कर्मचारी विरोधी और दमनकारी मानसिकता को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय पुलिस के बल पर उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। कर्मचारियों के अधिकारों का हनन और उनके सम्मान पर हमला पूरे समाज पर हमला है।

विजय सांपला ने सरकार से मांग की कि बरनाला लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए, घटना की न्यायिक जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निगम एवं नगर परिषदों के कर्मचारियों को नियमित करने का चुनावी वादा बिना किसी देरी के पूरा किया जाए।

उन्होंने संघर्षरत कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के नेता मनोज कैनेडी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भारत भूषण वर्मा, नितिन गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिवम् ओहरी, भाजयुमो जिला महासचिव सूरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply