TrendingUttar Pradesh

Rae Bareli Crime News: नहर किनारे झोपड़ी में बुजुर्ग की हत्या से सनसनी, खून से लथपथ मिला शव; सिर पर गंभीर चोट के निशान

रायबरेली/जगतपुर: रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। पालकीहार मजरे चिचौली गांव में नहर किनारे झोपड़ी में रहने वाले 60 वर्षीय राम लखन पासी का शव झोपड़ी के पास मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

नहर किनारे झोपड़ी में रहते थे बुजुर्ग

पालकीहार निवासी राम लखन पासी पुत्र चितई नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रहते थे। बताया गया कि झोपड़ी के पास स्थित मंदिर में वह सेवादारी भी करते थे। रविवार को उनका शव संदिग्ध हालत में मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बुजुर्ग के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों ने घटना को हत्या से जोड़कर आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

एसपी ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रवि कुमार पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने झोपड़ी और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

भाई की तहरीर पर मुकदमे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के जल्द खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत कई पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों को लेकर पुलिस जांच जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply