
शिवगढ़, रायबरेली, अमृत विचार। बारिश का पानी जहां किसानों के लिए राहत लेकर आता है, वहीं रायबरेली के शिवगढ़ क्षेत्र में ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। ग्राम पंचायत कुम्भी में पूरे पान कुंवर खेड़ा से मां चामुण्डा विद्यालय जाने वाला संपर्क मार्ग तेज पानी के बहाव में कट गया है।
रास्ता कटने से ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्रछात्राओं की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। हालात यह हैं कि रास्ता कट जाने के बाद बच्चों और ग्रामीणों को पानी के तेज बहाव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द संपर्क मार्ग दुरुस्त कराने की मांग की है।
शॉर्टकट रास्ता अब बना मुसीबत
ग्रामीणों के मुताबिक पूरे पानकुंवर खेड़ा से मां चामुण्डा विद्यालय के पास बैंतीपिपरी संपर्क मार्ग से जुड़ा यह कच्चा रास्ता गांव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। तेज बारिश के बाद पानी का बहाव इतना बढ़ा कि रास्ता बीच से कट गया और आवागमन बाधित हो गया। इस मार्ग से ग्रामीण खेतों के अलावा पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैंती, प्राथमिक विद्यालय बैंती, सरस्वती शिशु मंदिर बैंती, साधन सहकारी समिति बैंती और बैंती तकिया चौराहा तक पहुंचते हैं। रास्ता कटने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
बच्चों के लिए सबसे बड़ा खतरा
रास्ता कटने का सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। छात्रछात्राओं को पानी के तेज बहाव के बीच से होकर स्कूल की ओर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे में किसी बच्चे का पैर फिसलने या बहाव की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल खुलने के दौरान बच्चों की परेशानी को देखते हुए संपर्क मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए।
ग्रामीण बोले जेसीबी से मिट्टी डलवाकर बनवाएं रास्ता
संतोष कुमार यादव, रमेश यादव, शिवनारायन यादव, सुरेश यादव, अमन यादव, जितेंद्र, अयोध्या प्रसाद और राकेश यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जेसीबी से मिट्टी डलवाकर रास्ते को बंधवा दिया जाए, जिससे पानी के बीच से होकर निकलने की मजबूरी खत्म हो और ग्रामीणों व बच्चों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
प्रधान ने दिया जल्द रास्ता बहाल कराने का भरोसा
ग्राम प्रधान अशर्फीलाल यादव ने बताया कि बारिश के पानी के तेज बहाव के कारण संपर्क मार्ग कट गया है। उन्होंने कहा कि रास्ते में मिट्टी डलवाकर जल्द ही आवागमन बहाल कराया जाएगा। ग्रामीणों को अब इंतजार है कि संपर्क मार्ग कब तक दुरुस्त होता है, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पानी के तेज बहाव से गुजरने से राहत मिल सके।



