TrendingUttar Pradesh

​Raebareli News : खीरों में पत्नी और बेटों ने अधेड़ को पीटकर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी

​Raebareli News : खीरों में पत्नी और बेटों ने अधेड़ को पीटकर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी

खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के खीरों क्षेत्र के कान्हामऊ गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब घरेलू कलह और जमीन के विवाद में एक अधेड़ किसान की मौत हो गई। आरोप है कि किसान की पत्नी और दो बेटों ने उसे लाठीडंडों से पीटपीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। जिसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन बेचने की बात को लेकर चल रहा था विवाद

कान्हामऊ निवासी आशाराम पाल पुत्र स्वर्गीय चंदिका प्रसाद पाल के परिवार में घरेलू विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार आशाराम नशे का आदी था, जिसको लेकर उसकी पत्नी शशिदेवी और बेटों रोहित पाल व गौरव पाल से अक्सर विवाद होता था। दोनों बेटे कानपुर में निजी कंपनी में नौकरी करते थे और घरेलू कलह के चलते शशिदेवी भी उनके साथ कानपुर में रहने लगी थी।

बताया गया कि आशाराम अपनी पत्नी को वापस घर बुला रहा था, लेकिन वह आने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बीच आशाराम ने अपनी कुछ कृषि भूमि गांव के ही बच्चा गुप्ता पुत्र देवीचरन गुप्ता के हाथ बेच दी। इसके बाद वह पत्नी और बेटों से कथित तौर पर कहता था कि वह अपनी बाकी जमीन भी बेच देगा। जमीन को लेकर परिवार में विवाद और बढ़ गया।

एक सप्ताह पहले पत्नी और बेटे गांव आए थे

ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले शशिदेवी अपने बेटों रोहित और गौरव के साथ कान्हामऊ आई थी। इसके बाद से परिवार में लगातार विवाद हो रहा था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे भी परिवार में झगड़ा हुआ। इसके बाद आशाराम गांव से बाहर बाग में बने अपने घर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसकी पत्नी और दोनों बेटे भी वहां पहुंच गए और फिर विवाद शुरू हो गया।

लाठीडंडों से पीटने का आरोप, अस्पताल पहुंचते ही मौत

आरोप है कि विवाद के दौरान शशिदेवी और उसके दोनों बेटों ने आशाराम को लाठीडंडों से पीटा। मारपीट में उसके हाथपैर गंभीर रूप से चोटिल हो गए और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से चले गए। ग्रामीणों की सूचना पर पीआरबी पुलिस और सेमरी पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह बुंदेला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से आशाराम को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतक के भाइयों शीतला प्रसाद पाल और राम महेश पाल को घटना की सूचना दी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और आरोपों की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाइयों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के भाइयों के आने और शिकायती पत्र मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply