
लखनऊ। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले ही ट्रेनों में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने घर जाने के लिए टिकट बुक करा लिए हैं, जिसके चलते दिल्ली और मुंबई रूट से आने वाली ज्यादातर ट्रेनों में अभी से वेटिंग और नो रूम की स्थिति बन गई है। सीट कंफर्म नहीं होने से यात्री परेशान हैं।
रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इससे एक दिन पहले यानी 27 अगस्त को लखनऊ पहुंचने वाली कई ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। यात्रियों की बढ़ती मांग का असर हवाई किराए पर भी पड़ा है। दिल्ली से लखनऊ के बीच फ्लाइट का किराया बढ़कर करीब 6 से 7 हजार रुपये तक पहुंच गया है।
कई ट्रेनों में वेटिंग तो कई में नो रूम
लखनऊ आने वाली एसी एक्सप्रेस में एसी सेकेंड क्लास की वेटिंग 95, एसी थर्ड की वेटिंग 140 और एसी थर्ड इकोनॉमी की वेटिंग 90 तक पहुंच गई है। वहीं लखनऊ मेल की स्लीपर, एसी सेकेंड, एसी थर्ड और एसी थर्ड इकोनॉमी श्रेणी में रिग्रेट यानी नो रूम की स्थिति है। इसके अलावा पद्मावत एक्सप्रेस, दिल्लीअयोध्या एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस में भी यात्रियों को सीटों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। दिल्ली से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस, अवधअसम एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, गोमती एक्सप्रेस, श्रमजीवी, सद्भावना और पद्मावत एक्सप्रेस में भी भारी वेटिंग चल रही है।
मुंबई रूट की ट्रेनों में भी बढ़ी मांग
मुंबई रूट की ट्रेनों में भी सीटों की मारामारी है। महाकाल एक्सप्रेस में 26 अगस्त के लिए एसी फर्स्ट को छोड़कर अन्य श्रेणियों में रिग्रेट की स्थिति बन गई है। वहीं लखनऊचेन्नई एक्सप्रेस और महाकाल एक्सप्रेस में झांसी जाने वाले यात्रियों के लिए भी कई श्रेणियों में वेटिंग है।
रेलवे बढ़ाएगा अतिरिक्त कोच
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में अधिक वेटिंग वाले रूटों की पहचान की जा रही है। रेलवे ने ऐसी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने के निर्देश दिए हैं, जिनमें यात्रियों की मांग अधिक है और सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं। हालांकि कुछ इंटरसिटी और अन्य ट्रेनों में अभी भी आरएसी और कंफर्म सीटें उपलब्ध हैं। रक्षाबंधन को देखते हुए रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़े :

