India

Ram Mandir Trust Meeting: राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक शुरू, नए महासचिव और ट्रस्टियों के नाम पर मंथन

Ram Mandir Trust Meeting: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक आज बुधवार मणिरामदास छावनी में शुरू हो गई। बैठक में ट्रस्ट के संगठनात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि आज नए स्थायी महासचिव, नए ट्रस्टियों और पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

Ram Mandir Trust Meeting: राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक शुरू, नए महासचिव और ट्रस्टियों के नाम पर मंथन

महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में बैठक

बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास कर रहे हैं। इसमें कार्यवाहक महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि, ट्रस्ट सदस्य दिनेंद्र दास, स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष परमानंद जी महाराज और पदेन सदस्य के रूप में अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी शामिल हैं। वहीं, पद्मश्री के. परासरन, केंद्रीय सचिव प्रशांत लोखंडे और उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े।

नए महासचिव और ट्रस्टियों के नाम पर सबकी नजर

सूत्रों के अनुसार, बैठक का सबसे अहम एजेंडा ट्रस्ट में खाली पड़े तीन ट्रस्टी पदों पर नियुक्ति और स्थायी महासचिव के नाम का चयन है। इसके अलावा पहली बार ट्रस्ट के CEO की नियुक्ति, विभिन्न समितियों के पुनर्गठन और चढ़ावा चोरी मामले की जांच की प्रगति पर भी चर्चा होने की संभावना है, महासचिव पद के लिए कार्यवाहक महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन और विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा का नाम प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अभी तक किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ये भी पढ़ें: 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बैठक को देखते हुए मणिरामदास छावनी और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर निगरानी रखी जा रही है। परिसर में आनेजाने वाले लोगों की जांच भी की जा रही है।

बैठक के फैसलों पर सभी की नजर

बैठक में ट्रस्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि बैठक समाप्त होने के बाद ट्रस्ट की ओर से लिए गए फैसलों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी, जिस पर राम मंदिर से जुड़े सभी पक्षों की नजर बनी हुई है। 

ये भी पढ़ें: 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply