India

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट सख्त, नई SIT में फोरेंसिक ऑडिटर जोड़ने के निर्देश, दो हफ्ते में मांगी जांच रिपोर्ट

Ram Mandir Chadhava Chori: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने नई विशेष जांच टीम का गठन कर दिया है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट सख्त, नई SIT में फोरेंसिक ऑडिटर जोड़ने के निर्देश, दो हफ्ते में मांगी जांच रिपोर्ट

इस टीम की अगुवाई आईजी किरण एस कर रही हैं। टीम में डीआईजी, एसएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। कोर्ट ने जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखने की बात कही।

SIT में फोरेंसिक ऑडिटर जोड़ने के निर्देश

सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने पूछा कि क्या नई SIT को जांच से जुड़े सभी रिकॉर्ड और दस्तावेजों तक पूरी पहुंच होगी। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने सहमति जताई।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच को और मजबूत बनाने के लिए SIT में एक फोरेंसिक ऑडिटर या चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी शामिल किया जाए, ताकि वित्तीय रिकॉर्ड की गहराई से जांच हो सके और पैसों के लेनदेन की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

दो हफ्ते में मांगी स्टेटस रिपोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि फिलहाल जांच बंद नहीं की जाएगी। अदालत ने नई SIT को निर्देश दिया कि दो सप्ताह के भीतर जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश की जाए। अगली सुनवाई में इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इससे पहले 20 जुलाई को भी कोर्ट ने यूपी सरकार को नई SIT गठित करने और अब तक की जांच का पूरा ब्योरा देने का आदेश दिया था।

दान में पारदर्शिता बढ़ाने का सुझाव

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता देवदत्त कामत ने कहा कि लाखों श्रद्धालु राम मंदिर में श्रद्धा के साथ दान करते हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि दान की हर राशि सुरक्षित तरीके से ट्रस्ट तक पहुंचे।

उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिर ट्रस्ट अपनी वेबसाइट पर दान का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक करे, ताकि श्रद्धालु भी यह देख सकें कि उनका दान सही जगह पहुंचा है। उनका कहना था कि इससे पारदर्शिता और लोगों का भरोसा दोनों मजबूत होंगे।

आरोपियों की 14 दिन और बढ़ी न्यायिक हिरासत

इस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ा दी है। फिलहाल सभी आरोपी जेल में ही रहेंगे। अब सभी की नजर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई और नई SIT की जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply