
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास का पहला बयान सामने आया है। एक पत्र में उन्होंने मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
6 जुलाई 2026 को लिखे इस पत्र में महंत नृत्य गोपालदास ने लिखा है, ”श्री रामलला सरकार जी के मंदिर में हुई दान-चोरी से मैं बेहद आहत हूं।” उन्होंने कहा कि अगर चोरी के आरोप सही हैं तो दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी हस्तक्षेप की अपील की गई है। उन्होंने लिखा कि दोनों नेताओं से उनका विनम्र निवेदन है कि राम मंदिर दान चोरी के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
महंत ने अपने पत्र में यह भी कहा कि यह मामला ‘करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रश्न’ है और किसी भी व्यक्ति को अपने निजी लाभ के लिए ऐसी घटनाओं का कारण नहीं बनना चाहिए।
चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर होगा फैसला
अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के विवाद को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है। इस बीच राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को अहम बैठक होनी है। कथित गबन को लेकर उठते सवालों के बीच एक तरफ ट्रस्ट के लिए काम करने वाले कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। दूसरी ओर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया था। ट्रस्ट की सोमवार की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला होना है।
इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है और 15 जुलाई तक जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है। अब तक 8 से ज्यादा लोगोंं की गिरफ्तारी भी इस मामले में हो चुकी है।
हैदराबाद में 900 किलो चांदी को गलवाने में खर्च हुए 21 लाख रुपये
अयोध्या में स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। ट्रस्ट का दावा है कि 900 किलोग्राम से ज्यादा चांदी की शुद्धता की जांच के लिए हैदराबाद की सरकारी कंपनी सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को भेजा गया था और फिर उसे पिघलाकर ईंटें बनाई गईं।
ट्रस्ट के इस दावे पर पुलिस की नजर है। चांदी को हैदराबाद भेजने में भी लाखों रुपये खर्च किए गए। एक अफसर के मुताबिक, चांदी की अशुद्धियों की जांच करने, इसकी ईंटे बनाने व अन्य प्रक्रिया में लगभग 21 लाख रुपये का खर्च आया।



