अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में जुटी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीमों ने अयोध्या में रहने वाले सभी आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस की अलगअलग टीमें अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, मनीष यादव, करुणेश पांडे और रमाशंकर मिश्रा के आवासों पर पहुंचीं। इस दौरान टीमों ने सभी ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली और मामले से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
जांच अधिकारियों के अनुसार, चोरी की घटना से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य पूरे मामले का जल्द से जल्द खुलासा करना और चोरी में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है। फिलहाल जांच जारी है।



