
कानपुर, उत्तर प्रदेश: रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने और उनका सामान सीट तक पहुंचाने की कोशिश 12 लोगों को भारी पड़ गई। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच में चढ़े ये लोग स्वचालित दरवाजे बंद होने के कारण ट्रेन के अंदर ही फंस गए। ट्रेन रवाना हुई तो उन्हें करीब 140 किलोमीटर दूर इटावा जंक्शन तक जाना पड़ा। वहां रेलवे अधिकारियों ने सभी को सुरक्षित उतारा और बिना टिकट यात्रा तथा नियमों के उल्लंघन के आरोप में कुल 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
यह घटना ट्रेन नंबर 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में हुई। जानकारी के मुताबिक, कानपुर के अलग-अलग इलाकों से आए 12 लोग अपने परिजनों को विदा करने स्टेशन पहुंचे थे। वे रिश्तेदारों को सीट पर बैठाने और उनका सामान रखने के लिए ट्रेन के अंदर चले गए। इसी दौरान ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो गए।
वंदे भारत एक्सप्रेस के दरवाजे निर्धारित स्टेशनों पर ही खुलते हैं। ऐसे में अंदर मौजूद लोग कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बाहर नहीं निकल पाए। कुछ ही देर में ट्रेन रवाना हो गई और सभी 12 लोग अनजाने में बिना टिकट यात्रा करने की स्थिति में पहुंच गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
इटावा पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों ने संभाला मामला
ट्रेन चलने के बाद अंदर फंसे लोगों ने रेलवे स्टाफ से दरवाजे खोलने की गुहार लगाई। हालांकि, सुरक्षा नियमों और तकनीकी व्यवस्था के कारण चलती ट्रेन में दरवाजे नहीं खोले जा सकते थे। इस दौरान कुछ यात्रियों ने विरोध भी जताया।
मामला बढ़ने पर ट्रेन स्टाफ ने टूंडला रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर रविवार सुबह करीब 10:49 बजे ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रोका गया।
स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा, आरपीएफ निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और जीआरपी निरीक्षक यदुवीर सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सभी 12 लोगों को सुरक्षित ट्रेन से उतारा और पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट ले गई।
प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपये का जुर्माना
रेलवे के वाणिज्य विभाग ने बिना वैध टिकट और अनुमति के ट्रेन में प्रवेश करने तथा नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की। विभाग ने प्रत्येक व्यक्ति पर 3,000 रुपये के हिसाब से कुल 36,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
जुर्माने की रकम जमा कराने के बाद सभी लोगों को जाने दिया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में बिना टिकट या उचित अनुमति के ट्रेन में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
यह घटना यात्रियों और उन्हें विदा करने स्टेशन



