नई दिल्ली : जंतरमंतर पर CJP के छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बड़ी राहत मिली है। नोएडा पुलिस द्वारा दर्ज की गई जीरो FIR को दिल्ली पुलिस ने आगे न बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी।

यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में नाबालिग लड़की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती नजर आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद लड़की ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि वह केवल 15 साल की है और प्रदर्शन स्थल पर मौजूद अन्य लोगों के प्रभाव में आकर उसने ऐसी बातें कह दी थीं।
माफी मांगते हुए लड़की ने कहा, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैंने जो किया, वह माफ करने लायक नहीं है। मैंने बहुत गलत बातें कही हैं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं।”
इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नरम रुख अपनाया था। उन्होंने कहा था कि वह “भटके हुए बच्चों” को माफ करते हैं और उन्हें अदालतों के चक्कर में डालने या परेशान करने से कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने समाज से भी बच्चों को माफ करने की अपील की थी।
वहीं, लड़की की मां ने भी प्रधानमंत्री से उनकी बेटी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री ने उनकी बेटी को “जीवनदान” दिया है। साथ ही उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की, ताकि नाबालिगों का दुरुपयोग रोका जा सके।
गौरतलब है कि यह मामला पिछले महीने जंतरमंतर पर CJP के छात्र आंदोलन के दौरान सामने आया था। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में शुरू हुआ यह आंदोलन 25 जुलाई को सरकार द्वारा प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद समाप्त हो गया था। अब दिल्ली पुलिस के फैसले के बाद इस मामले में दर्ज जीरो FIR पर आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी।


