IndiaRajasthanTrending

बूंदी में नए बस स्टैंड का रास्ता साफ, 20,982 वर्गमीटर जमीन रोडवेज के नाम दर्ज

बूंदी
बूंदी शहर के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित नए रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण का मार्ग अब पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। राज्य सरकार के निर्देशन और जिला प्रशासन के प्रयासों से लंका गेट स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में आवंटित 20,982 वर्गमीटर भूमि का नि:शुल्क नामांतरण राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के नाम जमाबंदी में दर्ज हो चुका है। इस कदम से वर्षों से लंबित बस स्टैंड के स्थानांतरण और निर्माण प्रक्रिया को निर्णायक गति मिली है।

बूंदी में नए बस स्टैंड का रास्ता साफ, 20,982 वर्गमीटर जमीन रोडवेज के नाम दर्ज

अब शीघ्र ही कृषि विभाग द्वारा यह भूमि विधिवत रूप से रोडवेज विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। इसके बाद पीपीपी मॉडल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए बस स्टैंड के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान बूंदी बस स्टैंड वर्ष 1975 से शहर के मध्य संचालित हो रहा है,जो पिछले पांच दशकों से प्रतिदिन लगभग 7000 से 8000 यात्रियों को सेवाएं प्रदान कर रहा है।

कम होगा यातायात का दबाव
शहर में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा था। मुख्य बस स्टैंड शहर के ठीक बीचोंबीच स्थित होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे यात्रियों और आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। राज्य सरकार ने निर्णय लेते हुए शहर से दो किलोमीटर दूर लंका गेट स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में स्थानांतरित करने का निर्णय किया। इससे अब आमजन को जाम से मुक्ति मिलेगी और यात्रा करना अधिक सुगम होगा।

वडोदरा बस टर्मिनल की तर्ज पर बनेगा नया बस स्टैंड
गुजरात के वडोदरा बस टर्मिनल की तर्ज पर प्रस्तावित नया बस स्टैंड विकसित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें यात्रियों के लिए अत्याधुनिक प्रतीक्षालय की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त, बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे निजी वाहनों से आने वाले यात्रियों को कोई परेशानी न हो। आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

बेहतर यात्रा का मिलेगा अनुभव
वर्तमान में बूंदी डिपो से कोटा, अजमेर, जयपुर, इंदौर, शिवपुरी, नैनवां, इंद्रगढ़, केशवरायपाटन, भीलवाड़ा, उदयपुर सहित अनेक प्रमुख मार्गों पर नियमित रोडवेज सेवाएं संचालित होती हैं। नए बस स्टैंड के निर्माण के बाद इन सेवाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

लंका गेट क्षेत्र का मिलेगी मजबूती
पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में बस स्टैण्ड स्थानांतरित होने पर लंका गेट क्षेत्र सहित आसपास की कॉलोनियों का भी विकास होगा। बस स्टैण्ड संचालित होने के साथ ही कॉलोनियों वासियों व दुकानदारों की भी सुविधाओं का इजाफा होगा। वहीं बूंदी के विकास को भी गति मिलेगी। वहीं शहर में यातायात का दबाव कम होगा। ऑटो टेम्पों वालों के भी रोजगार में बढ्ोतरी होगी. लोगों की आय भी बढ़ेगी।

निगम के नाम जमाबंदी
नए बस स्टैंड के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने से बूंदी वासियों में खुशी का माहौल है। यह परियोजना न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि बूंदी के समग्र शहरी विकास एवं आधुनिक परिवहन संरचना की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।
डॉ. घनश्याम गौड़,मुख्य प्रबंधक, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, बूंदी आगार

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply