Varanasi Dalmandi Road Project: लंबे समय से चर्चा में रही दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। रविवार को दालमंडी में विधिवत भूमि पूजन के साथ परियोजना के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पूजाअर्चना कर परियोजना का शुभारंभ किया।

17.4 मीटर चौड़ा किया जाएगा सड़क
करीब 221 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत दालमंडी की लगभग 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाना है।
भूमि पूजन के बाद निर्माण के प्रारंभिक चरण में सड़क के लिए चिन्हित जमीन का समतलीकरण किया जाएगा। इसके बाद ड्रेन और डक्ट निर्माण के लिए खुदाई का काम शुरू होगा। परियोजना के तहत सड़क के आधारभूत ढांचे को विकसित करने के साथ विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को भी व्यवस्थित किया जाएगा।
जाम से मिलेगा राहत
दालमंडी मार्ग काशी के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों का आवागमन होता है। और अधिक यातायात दबाव के चलते क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद आवागमन को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के धरातल पर आने के साथ दालमंडी क्षेत्र में सड़क, यातायात और बुनियादी सुविधाओं के विकास की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लंबे समय से प्रस्तावित इस परियोजना के निर्माण कार्य की शुरुआत को काशी के की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



