बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के लोमा गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी के महज 16 दिन बाद ही दुल्हन ससुराल से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई. पीड़ित पति धर्मेंद्र कुमार ने गायघाट थाने में आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच मं जुट गई है.

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 25 अप्रैल को पियर थाना क्षेत्र में धूमधाम से हुई थी. शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन शादी के 16वें दिन गुरुवार सुबह करीब 3 बजे जब उनकी नींद खुली तो उनकी पत्नी घर से गायब थी. घर में रखा बक्सा खुला मिला, जिसके बाद परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन दुल्हन का कोई सुराग नहीं मिला.
गहने और कैश लेकर फरार
पीड़ित के अनुसार, बक्से में रखे करीब एक तोला सोना, दस तोला चांदी के जेवरात और 73 हजार रुपये नकद भी गायब हैं. कुल मिलाकर लगभग ढाई लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार होने की बात सामने आई है. जब सुबह पति धर्मेंद्र का नींद खुला तो बिस्तर पर पत्नी नहीं थी. आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की गई लेकिन दुल्हन का कोई सुराग नहीं मिल सका.
‘लुटेरी दुल्हन’ की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित ने बताया कि शक होने पर जब घर की कीमती सामानों की जांच की गई तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. घर से न केवल नकदी गायब थी बल्कि शादी के गहने भी गायब थे. तब जाकर धर्मेंद्र और उसके पिता को अहसास हुआ कि वो एक सोची समझी साजिश का शिकार हुए हैं और उनकी बहू असल में एक लुटेरी दुल्हन है.
गायघाट थाना अध्यक्ष ने बताया कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है. पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हो चुका है. मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है. शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



