चंडीगढ़ : शहर के व्यस्ततम इलाके में स्थित सेंट्रा मॉल के ठीक सामने रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब आमों के बाग में झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का नरकंकाल बरामद हुआ। दोपहर करीब 2 बजे जब नगर निगम के सफाई कर्मचारी बाग में साफसफाई कर रहे थे, तभी पौधों और घनी झाड़ियों के बीच उनकी नजर इस कंकाल पर पड़ी। कर्मचारियों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, वीडियोग्राफी कराई गई
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और पूरे इलाके की बारीकी से वीडियोग्राफी करवाई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि किसी अन्य स्थान पर व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के इरादे से यहां झाड़ियों में फेंका गया हो सकता है।
35 से 40 वर्ष के पुरुष का कंकाल होने का अनुमान
पुलिस के अनुसार कंकाल पूरी तरह कंकाल बन चुका है और उसकी स्थिति काफी क्षतविक्षत है। शुरुआती चिकित्सीय मुआयने से पता चला है कि कंकाल किसी 35 से 40 वर्ष के पुरुष का है। हड्डियों की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कंकाल लंबे समय से इन झाड़ियों में लावारिस हालत में पड़ा हुआ था। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव कितने महीनों पुराना है।
ट्राईसिटी और पंजाब के थानों से मांगा गया मिसिंग रिकॉर्ड
कंकाल की शिनाख्त के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत चंडीगढ़ के सभी थानों के अलावा पंचकूला, मोहाली और पंजाब के नजदीकी जिलों की पुलिस से हाल के महीनों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड मांगा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीएनए प्रोफाइलिंग, विस्तृत फॉरेंसिक विश्लेषण और मेडिकल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और मृतक की पहचान का सटीक खुलासा हो सकेगा।


