Satya Report: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 43वां लीग मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच में खेला जाएगा। रियान पराग की कप्तानी में आईपीएल 2026 के सीजन में खेल रही राजस्थान रॉयल्स का मैदान पर अब तक प्रदर्शन बेहतर देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 9 मुकाबलों में खेलते हुए 6 में जीत हासिल की है और तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स अभी प्वाइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ चौथे नंबर पर है जिसमें उनकी नजरें टॉप4 में खुद को बरकरार रखने पर रहने वाली हैं। दिल्ली कैपिटल्स को लेकर बात की जाए तो उन्होंने इस सीजन की शुरुआत काफी शानदार तरीके से की थी, लेकिन पिछले तीन मैचों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक आईपीएल 2026 में 8 मैच खेले हैं जिसमें तीन को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं ऐसे में उनके लिए खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में बनाए रखने के लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।

अब तक दोनों टीमों के बीच में दिखी बराबरी की टक्कर
राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच में आईपीएल के इतिहास में अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से राजस्थान रॉयल्स की टीम ने जहां 15 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम भी 15 मैचों को जीतने में कामयाब रही है। वहीं दोनों के बीच में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो यहां पर राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी दिखता है। जयपुर में दोनों टीमों ने एकदूसरे के खिलाफ कुल 7 मैच खेले हैं जिसमें से राजस्थान रॉयल्स की टीम 5 मैचों को जीतने में कामयाब रही है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी एकबार फिर से सभी की नजरें
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में सभी की नजरें एकबार फिर से राजस्थान रॉयल्स टीम के 15 साल बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली हैं, जो अब तक इस सीजन में 9 मुकाबलों में खेलते हुए 400 रन बना चुके हैं। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन जयपुर के स्टेडियम में अब तक एक ही मुकाबला खेला है, जिसमें उनको भले ही हार का सामना करना पड़ा लेकिन उस मैच में वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली थी। वहीं इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी यदि एक छक्का और लगाने में कामयाब होते हैं तो टी20 क्रिकेट में अपने छक्कों का शतक पूरा कर लेंगे।



