
Balrampur : कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गोसाईपुरवा गांव में पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद गोली मारकर आत्महत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तीन दिन के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए नामजद आरोपी चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक बजरंगी गिरी ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने 29 लाख रुपये के लेनदेन का जिक्र करते हुए आरोपी को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को झौहना गोसाईपुरवा गांव में बजरंगी गिरी ने पहले अपनी पत्नी कोमल (25), तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और एक वर्षीय बेटे जयदीप की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे।
मृतक के भाई राजेश गिरी ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बजरंगी गिरी लोगों को रुपये उधार देने का काम करता था। उसने करीब 29 लाख रुपये चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी निवासी लालपुर, थाना ललिया को दिए थे। कई बार मांगने के बावजूद आरोपी रुपये वापस नहीं कर रहा था। इसी मानसिक तनाव में आकर बजरंगी ने यह खौफनाक कदम उठाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक 12 बोर का अवैध तमंचा, दो 315 बोर के अवैध तमंचे, जिंदा और फायर किए गए कारतूस, एक कैंची तथा मृतक का मोबाइल फोन मिला। मोबाइल में मौजूद वीडियो को जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया। वीडियो में बजरंगी ने अपने परिवार की हत्या और आत्महत्या करने की बात स्वीकार करते हुए रुपये न लौटाने के लिए चन्द्रभान गिरी को जिम्मेदार बताया था। पुलिस ने वीडियो को साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गिरीजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर कोडरी घाट के पास से चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
एसपी विकास कुमार ने कहा कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पुलिस आर्थिक लेनदेन, वीडियो में किए गए दावों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस बहुचर्चित मामले के हर पहलू की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।



